नई दिल्ली। भारतीय टी-20 क्रिकेट टीम के स्टार बल्लेबाज और वर्ल्ड कप विजेता सूर्यकुमार यादव को लेकर सोशल मीडिया पर एक पोस्ट तेजी से वायरल हो रही है. पोस्ट में उनके आजमगढ़ से विधानसभा चुनाव लड़ने का दावा किया जा रहा है. इस पोस्ट के सामने आने के बाद क्रिकेट और राजनीति के गलियारों में चर्चा शुरू हो गई है. हालांकि, वायरल पोस्ट और किसी आधिकारिक चुनावी घोषणा के बीच अंतर समझना जरूरी है.
पीएम मोदी और अमित शाह से मुलाकात के बाद शुरू हुई चर्चा
दरअसल, सूर्यकुमार यादव की राजनीतिक एंट्री की चर्चाओं को उनकी हालिया मुलाकातों से जोड़कर देखा जा रहा है. उन्होंने दीपावली के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की थी] इसके बाद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से भी परिवार के साथ उनकी मुलाकात हुई. इन मुलाकातों के बाद सोशल मीडिया पर उनके राजनीति में आने को लेकर कयास लगाए जाने लगे.
आजमगढ़ और कन्नौज सीट का क्यों लिया जा रहा नाम?
वायरल चर्चाओं में आजमगढ़ और कन्नौज जैसी सीटों का नाम सामने आ रहा है. इन सीटों का उत्तर प्रदेश की राजनीति में अपना अलग महत्व है. सोशल मीडिया पर कुछ लोग इसे भाजपा की संभावित चुनावी रणनीति से जोड़ रहे हैं. हालांकि, किसी भी सीट से सूर्यकुमार यादव की उम्मीदवारी की पुष्टि नहीं हुई है.
सूर्यकुमार यादव का उत्तर प्रदेश से क्या है कनेक्शन?
सूर्यकुमार यादव का जन्म मुंबई में हुआ है, लेकिन उनका पारिवारिक संबंध उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले से बताया जाता है. क्रिकेट के मैदान पर अपनी अलग पहचान बनाने वाले सूर्यकुमार टी-20 विश्व कप 2024 की विजेता भारतीय टीम का हिस्सा रहे हैं.
क्या आजमगढ़ से चुनाव लड़ेंगे सूर्यकुमार यादव?
फिलहाल इसका जवाब नहीं है. न तो सूर्यकुमार यादव ने चुनाव लड़ने का ऐलान किया है और न ही भाजपा ने उन्हें आजमगढ़ से उम्मीदवार बनाने की कोई आधिकारिक घोषणा की है. ऐसे में वायरल पोस्ट को चुनावी चर्चा और अटकल के रूप में ही देखा जाना चाहिए.







