प्रकाश मेहरा
एक्जीक्यूटिव एडिटर
देवाल (चमोली), उत्तराखंड। थराली विधानसभा क्षेत्र के विकासखंड देवाल में चमोली जिला सहकारी बैंक लिमिटेड एवं सहकारिता विभाग की ओर से भव्य ऋण मेले का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक भूपाल राम टम्टा ने बतौर मुख्य अतिथि सहभागिता की। इस दौरान क्षेत्र के किसानों, महिला स्वयं सहायता समूहों और युवा उद्यमियों को स्वरोजगार, कृषि एवं आर्थिक गतिविधियों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से ऋण के चेक वितरित किए गए।

कार्यक्रम में चमोली जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष गजेंद्र सिंह, देवाल के ब्लॉक प्रमुख तेजपाल रावत, मंडल अध्यक्ष उमेश मिश्रा, गणेश मिश्रा, सुरेंद्र सिंह बिष्ट, नरेंद्र सिंह बिष्ट, लाखन सिंह रावत, गोविंद सोनी तथा बैंक के महाप्रबंधक सूर्य प्रकाश सहित कई जनप्रतिनिधि एवं विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।

इस अवसर पर विधायक भूपाल राम टम्टा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय सहकारिता मंत्री अमित शाह के ‘सहकार से समृद्धि’ के संकल्प को धरातल पर उतारने की दिशा में सहकारिता विभाग महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी एवं सहकारिता मंत्री डॉ. धन सिंह रावत के नेतृत्व में प्रदेश सरकार पहाड़ के दूरस्थ क्षेत्रों तक सहकारिता योजनाओं का लाभ पहुंचाने और आमजन को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है।
उन्होंने कहा कि दीनदयाल उपाध्याय सहकारिता किसान कल्याण योजना जैसी योजनाएं किसानों, महिलाओं और ग्रामीण उद्यमियों को आर्थिक मजबूती प्रदान करने में महत्वपूर्ण साबित हो रही हैं। इन पहलों से स्थानीय स्तर पर स्वरोजगार के अवसर बढ़ने के साथ ही ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी नई दिशा मिल रही है।
विधायक ने ऋण मेले के सफल आयोजन के लिए जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष, महाप्रबंधक एवं सहकारिता विभाग की पूरी टीम का आभार व्यक्त किया। साथ ही सभी लाभार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उम्मीद जताई कि ऋण सहायता का उपयोग वे अपने कृषि कार्यों, व्यवसाय और स्वरोजगार को आगे बढ़ाने में करेंगे।







