नई दिल्ली। नौकरी करने वाले लोगों की सैलरी से हर महीने PF यानी प्रोविडेंट फंड के नाम पर कुछ पैसे कटते हैं। यह पैसा कर्मचारी के भविष्य को सुरक्षित रखने के लिए जमा किया जाता है। इसमें कर्मचारी के साथ कंपनी भी अपना योगदान देती है। लेकिन कई बार अचानक पैसों की जरूरत पड़ जाती है। ऐसे में घर खरीदने, बीमारी, बच्चों की पढ़ाई, शादी या दूसरी जरूरी जरूरतों के लिए आप अपने PF खाते से पैसे निकाल सकते हैं। अच्छी बात यह है कि इसके लिए अब आपको EPFO ऑफिस जाने की जरूरत नहीं है। आप घर बैठे मोबाइल या कंप्यूटर से ऑनलाइन PF क्लेम कर सकते हैं।
PF निकालने के लिए जरूरी हैं ये चीजें
ऑनलाइन PF निकालने से पहले कुछ जरूरी बातों का ध्यान रखना होगा। आपका UAN एक्टिव होना चाहिए। इसके अलावा UAN से आधार और बैंक अकाउंट लिंक होना जरूरी है। आपके आधार से मोबाइल नंबर भी जुड़ा होना चाहिए, क्योंकि क्लेम करते समय OTP की जरूरत पड़ सकती है। बैंक अकाउंट नंबर और IFSC कोड भी सही होने चाहिए।
ऑनलाइन PF क्लेम कैसे करें?
- अगर आप घर बैठे PF का पैसा निकालना चाहते हैं, तो इन आसान स्टेप्स को फॉलो करें।
- सबसे पहले EPFO की आधिकारिक वेबसाइट https://unifiedportal-mem.epfindia.gov.in/memberinterface/ पर जाएं।
- अपना UAN, पासवर्ड और कैप्चा डालकर लॉगिन करें।
- अब Online Services पर क्लिक करें।
- इसके बाद Claim (Form-31, 19, 10C & 10D) का विकल्प चुनें।
- अपना बैंक अकाउंट नंबर डालकर वेरिफाई करें।
- अब Proceed for Online Claim पर क्लिक करें।
- अपनी जरूरत के अनुसार क्लेम का प्रकार और कारण चुनें।
- मांगी गई जानकारी भरें और आधार से जुड़े मोबाइल नंबर पर आए OTP को दर्ज करके आवेदन सबमिट कर दें।
कितने दिन में आएगा PF का पैसा?
आवेदन करने के बाद EPFO आपके क्लेम की जांच करता है। सामान्य तौर पर क्लेम का निपटारा 20 दिनों के भीतर किया जाना चाहिए। हालांकि, KYC में गड़बड़ी या दस्तावेजों की कमी होने पर देरी हो सकती है। क्लेम करने के बाद आप EPFO पोर्टल पर लॉगिन करके Online Services में Track Claim Status विकल्प पर क्लिक करें। यहां आपको अपने आवेदन की स्थिति पता चल जाएगी।







