प्रकाश मेहरा
स्पेशल डेस्क
नई दिल्ली। पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 से पहले राज्य की राजनीति में बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। भारतीय जनता पार्टी (BJP) और शिरोमणि अकाली दल (SAD) ने करीब छह साल बाद एक बार फिर गठबंधन का रास्ता चुन लिया है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गठबंधन की घोषणा करते हुए स्पष्ट किया कि आगामी विधानसभा चुनाव में अकाली दल बड़ी भूमिका में रहेगा और मुख्यमंत्री का चेहरा भी उसी पार्टी से होगा।
गठबंधन को लेकर हुई घोषणा के दौरान भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल भी मौजूद रहे। अमित शाह के मुताबिक, दोनों दलों के बीच करीब तीन महीने तक चली बातचीत के बाद यह राजनीतिक सहमति बनी है। उन्होंने कहा कि अकाली दल एनडीए का पुराना सहयोगी रहा है और उसकी वापसी गठबंधन को नई मजबूती देगी।
अकाली दल की होगी बड़ी भूमिका, मुख्यमंत्री भी उसी पार्टी से
अमित शाह ने स्पष्ट किया कि भाजपा और अकाली दल पंजाब की सभी 117 विधानसभा सीटों पर मिलकर चुनाव लड़ेंगे। हालांकि, सीटों के बंटवारे को लेकर अंतिम निर्णय अभी नहीं हुआ है। भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा कि सीटों के तालमेल पर आने वाले दिनों में बातचीत के बाद फैसला लिया जाएगा।
मुख्यमंत्री पद को लेकर अमित शाह ने कहा कि गठबंधन में अकाली दल बड़े भाई की भूमिका निभाएगा और मुख्यमंत्री भी उसी पार्टी से होगा। इस घोषणा को पंजाब की आगामी चुनावी राजनीति के लिहाज से अहम माना जा रहा है।
आम आदमी पार्टी और कांग्रेस पर अमित शाह का निशाना
गठबंधन की घोषणा के दौरान अमित शाह ने पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार और कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि राज्य की जनता बदलाव का मन बना चुकी है। शाह ने दावा किया कि भाजपा और अकाली दल साथ नहीं भी आते, तब भी आम आदमी पार्टी की हार तय थी, लेकिन अब गठबंधन के साथ उसका राजनीतिक सफाया निश्चित है।
उन्होंने राज्य में नशे की समस्या, भ्रष्टाचार, गैंगस्टरवाद और बिगड़ती कानून-व्यवस्था को प्रमुख मुद्दा बताते हुए कहा कि एनडीए की सरकार बनने पर इन चुनौतियों से प्राथमिकता के आधार पर निपटा जाएगा।
शाह ने पंजाब को नशामुक्त बनाने का संकल्प दोहराते हुए 31 दिसंबर 2029 तक राज्य से नशे का पूरी तरह खात्मा करने का लक्ष्य रखा। उन्होंने कांग्रेस पर भी निशाना साधते हुए कहा कि पूर्व में नशामुक्त पंजाब के वादे किए गए, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो सका।
सुखबीर बादल ने बताया भावनात्मक गठबंधन
अकाली दल अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने भाजपा के साथ दोबारा गठबंधन को पंजाब के हित में महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने कहा कि दोनों दलों का पुराना राजनीतिक और सामाजिक रिश्ता रहा है। पंजाब की जनता भी चाहती थी कि दोनों पार्टियां एक बार फिर साथ आएं।
बादल ने इस गठबंधन को केवल राजनीतिक समझौता नहीं, बल्कि पंजाब के हितों से जुड़ा भावनात्मक गठबंधन बताया। उन्होंने विश्वास जताया कि दोनों दल मिलकर राज्य की शांति, सुरक्षा, समृद्धि और विकास के लिए काम करेंगे।
नशामुक्त पंजाब, युवाओं को रोजगार और किसानों के मुद्दे प्राथमिकता
भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने गठबंधन को एकता और साझा संकल्प का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने सिख समाज के सम्मान और पंजाब के विकास के लिए लगातार काम किया है।
नितिन नवीन ने कहा कि “एनडीए का लक्ष्य पंजाब को नशामुक्त बनाना, युवाओं को प्रदेश में ही रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना, महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना और किसानों की समस्याओं का समाधान करना है। उन्होंने गुरु तेग बहादुर जी के बलिदान और सिख इतिहास का उल्लेख करते हुए पंजाब की गौरवशाली परंपराओं को आगे बढ़ाने की बात भी कही।
2027 के चुनाव में बदलेगा सियासी समीकरण ?
करीब छह साल बाद भाजपा और अकाली दल की वापसी ने पंजाब की चुनावी राजनीति को नया मोड़ दे दिया है। एक ओर आम आदमी पार्टी सत्ता में वापसी की तैयारी में जुटेगी, वहीं कांग्रेस और अन्य राजनीतिक दलों के सामने भी नए गठबंधन की चुनौती होगी।
अकाली दल को मुख्यमंत्री पद की जिम्मेदारी देने के संकेत और सभी 117 सीटों पर संयुक्त चुनाव लड़ने की घोषणा से साफ है कि दोनों दल पंजाब में मजबूत राजनीतिक विकल्प पेश करने की रणनीति पर आगे बढ़ रहे हैं। हालांकि, गठबंधन की वास्तविक चुनावी ताकत का आकलन सीटों के बंटवारे, उम्मीदवारों के चयन और जनता के रुख से ही होगा।
अब निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि “भाजपा और अकाली दल का यह पुराना राजनीतिक रिश्ता 2027 के विधानसभा चुनाव में कितना प्रभावी साबित होता है।”







