देहरादून। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि उत्तराखंड में तीसरी बार भी प्रचंड बहुमत की सरकार बनेगी। उन्होंने कहा कि राज्य में कमल कमाल कर रहा है। अब निश्चित ही घुसपैठियों को हटाने वाली और धर्म-संस्कृति को बचाने वाली सरकार फिर से बनने जा रही है। हरिद्वार में आयोजित भाजपा प्रदेश कार्य समिति की बैठक के बाद पार्टी पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए राजनाथ सिंह ने कहा कि हमने कभी दो बार राज्य में लगातार जीत की कल्पना नहीं की थी। लेकिन लोगों ने मिथक तोड़ा और भाजपा पर भरोसा जताकर लगातार दूसरी बार सरकार बनाने का मौका दिया।
राज्य में आने के बाद उनके मन में शांति, प्रसन्नता, संतोष और विश्वास के भाव आए। कार्यकर्ताओं के चेहरों का आत्मविश्वास उन्हें साफ तौर पर बता रहा है कि राज्य में 60 सीटें जीतकर एक बार फिर भाजपा सरकार बनने जा रही है। राजनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में सरकारों ने जिस तरह से विकास किया है उससे तीसरी बार भाजपा सरकार बनने से कोई रोक नहीं सकता है।
रक्षा मंत्री ने नकल विरोधी कानून से लेकर समान नागरिक संहिता, सरकारी जमीनों से अतिक्रमण हटाने और निवेश को बढ़ावा देने तक के कदमों का उल्लेख करते हुए कहा कि भाजपा सरकार ने धामी के नेतृत्व में करके दिखाया है। उन्होंने धामी के फैसले लेने की क्षमता की सराहना की है। उन्होंने कहा कि भाजपा की असली ताकत सत्ता नहीं, उसका अनुशासित संगठन है। 2027 के विधानसभा चुनावों में जीत इन्हीं ईमानदार कार्यकर्ताओं के दम पर मिलने जा रही है। हमें सिर्फ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में किए जा रहे विकास कायों को जन-जन तक पहुंचाना है।
जीत की हैट्रिक के लिए दिए नौ सूत्र
- भाजपा का बल संगठन है सरकार नहीं- उन्होंने कहा कि हर कार्यकर्ता को अहसास कराना है कि भाजपा का बल संगठन है न कि सरकार।
- सिर्फ मुद्दों पर बात करें- राजनाथ ने कहा कि चुनाव प्रचार में विपक्षी पर व्यक्तिगत हमला न करें। सिर्फ मुद्दों की राजनीति करें।
- मोदी मिशन का वाहक बनें- राजनाथ ने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में किए गए कार्यों को आम लोगों तक पहुंचाना है।
- जनता का भरोसा- राजनाथ ने कहा कि जनप्रतिनिधि के लिए जनता का भरोसा जरूरी है। इसी से पार्टी आगे बढ़ती है।
- युवाओं को जोड़ने की जरूरत- राजनाथ ने कहा कि चुनावों में युवाओं की अहम भूमिका है। हर विधानसभा में नौजवानों की टीम बनाएं।
- नैतिकता और अनुशासन- राजनाथ ने कहा कि राजनीति में नैतिकता एवं अनुशासन जरूरी है। इसका पालन सभी को करना चाहिए।
- डिजिटल संवाद- राजनाथ ने कहा कि सोशल मीडिया का प्रयोग हर व्यक्ति कर रहा है। फीडबैक के लिए इसका इस्तेमाल करें।
- विपक्ष के नैरेटिव का खंडन- राजनाथ सिंह ने कहा कि विपक्ष चुनाव प्रचार में कई बार दुष्प्रचार फैला सकते हैं। इसका खंडन करना जरूरी है।
- एकता संगठन की शक्ति- राजनाथ ने कहा कि एकजुटता और एकता से ही समाज और पार्टी को मजबूत किया जा सकता है।
जय बाबा केदार, फिर से भाजपा सरकार : धामी
भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति की विस्तारित बैठक मेंमुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर चुनावी मैदान में उतरने का आह्वान किया। केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की मौजूदगी में मुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे ‘जय बाबा केदार, फिर से भाजपा सरकार’ के संकल्प के साथ जनता के बीच जाएं।
उन्होंने कार्यकर्ताओं को देवभूमि में फिर से भाजपा की सरकार बनाने और उत्तराखंड को देश का सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाने का संकल्प दिलाया। उन्होंने कहा कि अब समय आ गया है कि पांच वर्षों के विकास कार्यों का रिपोर्ट कार्ड लेकर हर घर तक पहुंचा जाए । उन्होंने चारधाम सड़क परियोजना, दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे, ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना और सीमांत क्षेत्रों के विकास को उन्होंने प्रदेश की बदलती तस्वीर का उदाहरण बताया।
धामी ने उत्तराखंड राज्य के गठन में राजनाथ सिंह के योगदान का उल्लेख करते हुए उनका आभार जताया। उन्होंने कहा कि राजनाथ सिंह का मार्गदर्शन कार्यकर्ताओं को नई ऊर्जा देगा। उन्होंने कहा कि भाजपा राष्ट्र प्रथम के संकल्प के साथ काम करने वाला परिवार है। पार्टी के लिए राजनीति सत्ता प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण और जनसेवा का रास्ता है।
भाजपा के पास मजबूत टीम
मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा का संगठन साल के 365 दिन लगातार सक्रिय रहता है। प्रदेश स्तर से लेकर बूथ और पन्ना प्रमुख तक संगठन की मजबूत टीम है। सभी कार्यकर्ता प्राण-प्रण से तीसरी बार भाजपा की सरकार बनाने के लिए जुटेंगे। प्रदेश में विकास की जो गंगा आगे बढ़ी है उसे और तेज गति से प्रवाहित करने में कार्यकर्ता योगदान देंगे।
रिफॉर्म-परफॉर्म-ट्रांसफॉर्म
धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के नए दौर की शुरुआत हुई है। आज भारत रिफॉर्म, परफॉर्म और ट्रांसफॉर्म की नीति पर आगे बढ़ रहा है। उत्तराखंड में भी डबल इंजन की सरकार प्रदेश को देश का सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाने के संकल्प के साथ काम कर रही है।
हैट्रिक विकल्प नहीं, संकल्प
मीडिया से बात करते हुए धामी ने दावा किया कि भाजपा बड़े बहुमत के साथ लगातार तीसरी बार सरकार बनाएगी। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता यहां से हैट्रिक का विकल्प नहीं, बल्कि संकल्प लेकर लौटेंगे। संगठन के प्रदेश से लेकर जिला, मंडल, शक्ति केंद्र, बूथ और पन्ना प्रमुख स्तर तक के लाखों कार्यकर्ता जनता के बीच जाकर पार्टी का संदेश पहुंचाएंगे।







