देहरादून। आगामी विधानसभा चुनाव-2027 के मद्देनजर देहरादून पुलिस महकमे में बड़ा फेरबदल किया गया है। जनपद में नियुक्त निरीक्षकों के अन्य जनपदों में स्थानांतरण होने और विभिन्न थानों में रिक्तियों को देखते हुए पुलिस विभाग ने 18 निरीक्षक एवं उपनिरीक्षकों के स्थानांतरण कर दिए हैं। जारी आदेश के अनुसार सभी स्थानांतरण तत्काल प्रभाव से लागू होंगे।
इस फेरबदल में पुलिस लाइन में तैनात कई निरीक्षकों को अलग-अलग थानों की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं, कुछ थानों के प्रभारियों को हटाकर पुलिस कार्यालय, एसओजी और एसआईएस शाखा में नई जिम्मेदारियां दी गई हैं।
जारी सूची के अनुसार निरीक्षक कमल मोहन भंडारी को पुलिस लाइन से कोतवाली नगर, कुन्दन सिंह राणा को पटेलनगर, वीरेंद्र चंद्र रमौला को रायपुर, मुकेश चौहान को रायवाला, मनोहर भंडारी को प्रेमनगर, नरेंद्र बिष्ट को सहसपुर और शांति कुमार को सेलाकुई थाने का प्रभारी निरीक्षक बनाया गया है।
इसी तरह निरीक्षक बीएल भारती को चकराता से मसूरी, राकेंद्र कठैत को एएचटीयू से नेहरू कॉलोनी तथा नरेश राठौर को पटेलनगर से पुलिस कार्यालय भेजा गया है।
उपनिरीक्षक स्तर पर भी कई अहम बदलाव किए गए हैं। मोहन सिंह को रायवाला से एसएसआई डालनवाला, पीडी भट्ट को राजपुर से रानीपोखरी, मनोज नौटियाल को सहसपुर से बसंत विहार, शैंकी कुमार को सेलाकुई से एसओजी प्रभारी देहात तथा गिरीश नेगी को प्रेमनगर से एसएसआई सेलाकुई की जिम्मेदारी दी गई है।
इसके अलावा अमित शर्मा को बसंत विहार से एसआईएस शाखा, संजीत कुमार को रायपुर से एसआईएस शाखा और कुलेन्द्र सिंह को एसएसआई डालनवाला से चौकी खुड़बुड़ा स्थानांतरित किया गया है।
पुलिस विभाग का यह फेरबदल आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। चुनाव से पहले थानों में जिम्मेदारियों का पुनर्वितरण, रिक्त पदों को भरना और पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी बनाना इस कवायद का हिस्सा है। अब देखना होगा कि नई जिम्मेदारियां संभालने के बाद अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में कानून-व्यवस्था और पुलिसिंग को किस तरह मजबूत करते हैं।







