प्रकाश मेहरा
एग्जीक्यूटिव एडिटर
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में शुक्रवार को हुई केंद्रीय कैबिनेट की बैठक में लोकसभा की सीटों में सभी राज्यों के लिए 50 प्रतिशत तक बढ़ोतरी करने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी गई। प्रस्ताव के मुताबिक, सीटों की संशोधित अधिकतम सीमा वर्ष 2050 तक लागू रहेगी। सरकार के इस फैसले को आगामी परिसीमन और महिला आरक्षण की प्रक्रिया से जोड़कर देखा जा रहा है।
यह अहम फैसला 30 नवंबर से शुरू होने वाले संसद के विशेष सत्र से ठीक पहले लिया गया है। इस सत्र में सरकार महिला आरक्षण विधेयक और परिसीमन से जुड़े प्रावधानों में संशोधन के प्रस्ताव पेश कर सकती है।
दक्षिणी राज्यों की चिंताओं को दूर करने की कोशिश
लोकसभा सीटों में 50 प्रतिशत तक बढ़ोतरी के प्रस्ताव को दक्षिण भारत के राज्यों की चिंताओं को दूर करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। दरअसल, परिसीमन के बाद जनसंख्या के आधार पर सीटों का पुनर्निर्धारण होने से दक्षिणी राज्यों के राजनीतिक प्रतिनिधित्व पर असर पड़ने की आशंका जताई जा रही थी। ऐसे में सरकार का यह फॉर्मूला राज्यों के बीच मौजूदा सीटों के अनुपात को बनाए रखते हुए लोकसभा की कुल सीटों में बढ़ोतरी करने की दिशा में तैयार किया गया है। इससे सभी राज्यों को अतिरिक्त प्रतिनिधित्व मिलने का रास्ता खुल सकता है।
महिला आरक्षण कानून में संशोधन की तैयारी
सरकार लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने से जुड़े कानून में भी बदलाव की तैयारी कर रही है। इसके लिए संविधान (131वां संशोधन) विधेयक 2026 के प्रावधानों में संशोधन किए जाने की संभावना है।
इससे पहले महिला आरक्षण लागू करने की प्रक्रिया को परिसीमन से जोड़ा गया था। पिछले प्रस्ताव में लोकसभा की मौजूदा 543 सीटों को बढ़ाकर अधिकतम 850 तक करने का प्रावधान रखा गया था। हालांकि, अप्रैल में लोकसभा में यह विधेयक पारित नहीं हो सका था। अब सरकार नए प्रस्तावों के जरिए महिला आरक्षण को लागू करने की प्रक्रिया को आगे बढ़ाने की कोशिश कर रही है।
30 नवंबर से शुरू होगा संसद का विशेष सत्र
संसद का विशेष सत्र 30 नवंबर से शुरू होगा। पहले दिन लोकसभा की कार्यवाही होगी, जबकि राज्यसभा की बैठक 2 दिसंबर से प्रस्तावित है। सरकारी कामकाज के आधार पर सत्र के 3 दिसंबर तक चलने की संभावना है। इस विशेष सत्र में परिसीमन, लोकसभा सीटों में बढ़ोतरी और महिला आरक्षण से जुड़े मुद्दे प्रमुख रहने की उम्मीद है। सरकार के इस फैसले का देश की संसदीय व्यवस्था और राज्यों के राजनीतिक प्रतिनिधित्व पर दूरगामी असर पड़ सकता है।







