नई दिल्ली। दरभंगा के केवटी में बंद पड़ी रैयाम चीनी मिल की जगह नई मिल बनाने की तैयारी है. इस पर करीब 506 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे. केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह 11 दिसंबर को यहां आ सकते हैं. उनके दौरे को लेकर मिल परिसर में तैयारियां शुरू हो गई हैं.
1914 में शुरू हुई थी मिल, 1990 के दशक से बंद
रैयाम चीनी मिल की शुरुआत 1914 में हुई थी. यह मिल 1990 के दशक के बीच से बंद है. अब सरकार यहां नई सहकारी चीनी मिल बनाना चाहती है. निर्माण पूरा होने के बाद 2028-29 के पेराई सत्र तक मिल में उत्पादन शुरू हो सकता है.
11 दिसंबर को होने वाले कार्यक्रम को लेकर केवटी विधायक मुरारी मोहन झा ने मिल परिसर का निरीक्षण किया. उनके साथ सहकारिता विभाग और दूसरे संबंधित विभागों के अधिकारी और स्थानीय नेता भी मौजूद थे.
निरीक्षण के दौरान सभा स्थल, सुरक्षा, पार्किंग और आने-जाने के रास्तों को देखा गया. विधायक ने परिसर की सफाई और दूसरी जरूरी व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने को कहा.
उन्होंने कहा कि रैयाम चीनी मिल इस इलाके के लिए बहुत अहम रही है. इसके फिर से शुरू होने से मिथिला और आसपास के हजारों गन्ना किसानों को फायदा मिलने की उम्मीद है.
चीनी के साथ एथेनॉल और बिजली भी बनेगी
नई मिल में सिर्फ चीनी ही नहीं बनाई जाएगी. यहां एथेनॉल और बिजली बनाने की यूनिट भी लगाने की योजना है. इसके साथ कंप्रेस्ड बायोगैस बनाने की यूनिट भी प्रस्तावित है. नई मिल बनाने और चलाने की जिम्मेदारी इंडियन पोटाश लिमिटेड (IPL) को दिए जाने की बात सामने आई है.
1018 गांवों में गन्ने की खेती की तैयारी
रैयाम चीनी मिल के लिए आसपास के 1,018 राजस्व गांवों में करीब 33,000 हेक्टेयर जमीन गन्ने की खेती के लिए चिह्नित की गई है. मिल चालू होने पर इन गांवों के किसानों को अपनी फसल बेचने के लिए स्थानीय बाजार मिल सकता है. इससे इलाके में गन्ने की खेती को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है.
रैयाम के साथ सकरी में भी बनेगी नई मिल
बिहार सरकार ने सात निश्चय-3 के तहत रैयाम और सकरी की बंद चीनी मिलों की जमीन पर नई सहकारी मिल बनाने को मंजूरी दी है. इन दोनों जगहों पर मिल बनाने की योजना और उसकी लागत का आकलन करने के लिए सहकारिता विभाग ने राष्ट्रीय सहकारी शक्कर कारखाना संघ लिमिटेड के साथ समझौता किया है. इसके तहत डीपीआर और व्यवहार्यता रिपोर्ट तैयार की जाएगी.







