नई दिल्ली। आईसीसी ने मंगलवार को वनडे की ताजा रैंकिंग्स जारी कर दी है। भारतीय तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह ने न्यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज में शानदार प्रदर्शन किया, जिसकी वजह से उन्होंने 12 स्थानों की छलांग लगाई है। वहीं रोहित शर्मा को खराब प्रदर्शन की वजह से नुकसान झेलना पड़ा है।
बल्लेबाजों की रैंकिंग में इंग्लैंड के टॉम बैंटन ने 34 पायदानों की छलांग लगाई। वहीं गेंदबाजों की रैंकिंग में न्यूजीलैंड के मैट हेनरी और काइल जैमीसन को भी फायदा मिला है।
अर्शदीप पहुंचे 19वें पायदान पर
अर्शदीप 12 स्थानों की छलांग लगाकर 19वें पायदान पर पहुंच गए। हेनरी 15 स्थान ऊपर चढ़कर 12वें नंबर पर पहुंच गए हैं। वहीं जैमीसन 15 स्थानों के फायदे के साथ 45वें नंबर पर आ गए।
इंग्लैंड के तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दो मैचों में दो विकेट लिए। उन्हें चार स्थानों का फायदा मिला है। वो सातवें नंबर पर पहुंच गए।
रोहित शर्मा को हुआ नुकसान
रोहित का प्रदर्शन न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज में बेहद खराब रहा, जिसकी वजह से उन्हें रैंकिंग्स में एक पायदान का नुकसान हुआ। वो पांचवें नंबर पर पहुंच गए। वहीं अफगानिस्तान के रहमानुल्लाह गुरबाज एक स्थान ऊपर चढ़कर चौथे नंबर पर आ गए।
बैंटन ने 34 स्थानों की छलांग लगाई और वो अपने करियर की बेस्ट रैंकिंग 13वें पायदान पर पहुंच गए। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दूसरे वनडे में 121 रन ठोके थे, जिसका फायदा उन्हें रैंकिंग्स में मिला है।
इसके अलावा, बैंटन के साथी खिलाड़ी जो रूट की टॉप-10 में एंट्री हो गई है। रूट अर्धशतक लगाकर 9वें पायदान पर पहुंच गए। वहीं बल्लेबाजों की रैंकिंग में शुभमन गिल अभी भी टॉप पर बने हुए हैं।
गिल के अलावा, विराट कोहली तीसरे पायदान पर मौजूद हैं। केएल राहुल को भी एक पायदान का नुकसान हुआ और वो 11वें पायदान पर पहुंच गए। श्रीलंका के कुसल मेंडिस को एक स्थान का फायदा हुआ और वो 10वें नंबर पर आ गए हैं।







