नई दिल्ली। दिल्ली में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को बेहतर बनाने और प्रदूषण पर लगाम लगाने के लिए सरकार बसों के बेड़े का विस्तार करने जा रही है. दिल्ली परिवहन निगम (DTC) में जल्द ही 100 नई इलेक्ट्रिक बसें शामिल की जाएंगी. इनके सड़कों पर उतरने के बाद दिल्ली में बसों की कुल संख्या बढ़कर 7,088 हो जाएगी. इनमें 5,338 इलेक्ट्रिक और 1,750 सीएनजी बसें होंगी. इसके साथ ही दिल्ली देश के प्रमुख इलेक्ट्रिक बस बेड़े वाले शहरों में अपनी स्थिति और मजबूत करेगी.
नई बसों में 50 बसें नौ मीटर और 50 बसें 12 मीटर लंबाई की होंगी. सभी बसें लो-फ्लोर और वातानुकूलित होंगी. यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए इनमें सीसीटीवी कैमरे, पैनिक बटन और रियल टाइम ट्रैकिंग सिस्टम जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी. दिव्यांग यात्रियों के लिए भी विशेष व्यवस्था की जाएगी.
प्रदूषण में भी मिलेगी राहत
परिवहन मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में दिल्ली की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को आधुनिक और पर्यावरण अनुकूल बनाने के लिए लगातार काम किया जा रहा है. नई इलेक्ट्रिक बसों के शामिल होने से यात्रियों को सुरक्षित, सुविधाजनक और भरोसेमंद सफर मिलेगा. साथ ही वाहनों से होने वाले प्रदूषण को कम करने में भी मदद मिलेगी.
उन्होंने बताया कि सरकार ने वित्त वर्ष 2028-29 तक दिल्ली में बसों की संख्या बढ़ाकर करीब 14 हजार करने का लक्ष्य निर्धारित किया है. इसके तहत चरणबद्ध तरीके से बस बेड़े का विस्तार किया जाएगा और इलेक्ट्रिक मोबिलिटी को प्राथमिकता दी जाएगी.
आनंद विहार से हापुड़ के बीच चलेंगी इलेक्ट्रिक बसें
दिल्ली सरकार ने अंतरराज्यीय परिवहन कनेक्टिविटी को मजबूत करने के लिए आनंद विहार आईएसबीटी से उत्तर प्रदेश के हापुड़ तक इलेक्ट्रिक बस सेवा शुरू करने की भी योजना बनाई है. इस रूट पर डीटीसी की 12 इलेक्ट्रिक बसें संचालित की जाएंगी. खास बात यह है कि यात्रियों को हर 20 मिनट में बस उपलब्ध होगी. इससे दिल्ली, गाजियाबाद और हापुड़ के बीच रोजाना आवागमन करने वाले लोगों को बड़ी राहत मिलेगी.
निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार आनंद विहार से बसें सुबह 5:15 से 8:55 बजे तक और फिर सुबह 11:55 से दोपहर 3:35 बजे तक चलेंगी. वहीं हापुड़ से वापसी के लिए बस सेवा सुबह 8:05 से 11:45 बजे तक और दोपहर 2:45 से शाम 6:25 बजे तक उपलब्ध रहेगी.
इस रूट पर चलेंगी बसें
इस रूट पर बसें घड़ौली-उत्तर प्रदेश बॉर्डर, डाबर, मोहन नगर, न्यू बस स्टैंड गाजियाबाद, ओल्ड बस स्टैंड, हापुड़ चुंगी, आईएमएस कॉलेज, डासना, मसूरी, छिजारसी-कुलीच नगर, पिलखुवा और निजामपुर होते हुए हापुड़ बस स्टेशन पहुंचेंगी. परिवहन मंत्री ने कहा कि इस सेवा से छात्रों, नौकरीपेशा लोगों और दैनिक यात्रियों को विशेष लाभ मिलेगा. सरकार का उद्देश्य दिल्ली के साथ-साथ आसपास के शहरों को भी स्वच्छ, सुलभ और बेहतर सार्वजनिक परिवहन सुविधा से जोड़ना है.







