नई दिल्ली। हिंदी में एक बहुत पुरानी कहावत है, ”जब कोई चीज टूटी ना तो उसे जोड़ने की कोशिश नहीं करनी चाहिए”. आईपीएल 2024 से पहले मुंबई इंडियंस ने यही बड़ी गलती की, जिसका खामियाजा वो पिछले तीन साल से भुगत रही है. जिस रोहित शर्मा की कप्तानी में टीम ने 5 बार खिताब पर कब्जा किया, उससे अचानक कप्तानी छीनकर हार्दिक पांड्या को सौंप दी गई. रोहित 2013 में मुंबई इंडियंस के कप्तान बने थे और इस टीम की काया पलट करते हुए रिकॉर्ड 5 बार चैंपियन बनाने का काम किया. हालांकि, 2023 में जब उनकी कप्तानी में टीम इंडिया 50-ओवर वर्ल्ड कप में फाइनल हार गई तो फ्यूचर को ध्यान में रखते हुए मुंबई इंडियंस ने हार्दिक को कमान सौंपने का फैसला किया.
आईपीएल 2024 से पहले मेगा डील के तहत हार्दिक पांड्या मुंबई इंडियंस से जुड़े. इससे पहले दो साल तक वो गुजरात टाइटंस के कप्तान थे और 2022 में उनके नेतृत्व में गुजरात ने खिताब भी जीता था. हार्दिक की लीडरशिप से प्रभावित होकर मुंबई इंडियंस की टीम मैनेजमेंट ने उन्हें कप्तान बनाया, लेकिन उनका ये दांव फिलहाल उल्टा पड़ गया है.
हार्दिक पांड्या की कप्तानी का रिपोर्ट कार्ड
आईपीएल में हार्दिक पांड्या की कप्तानी रिकॉर्ड को दो भागों में देखना उचित रहेगा. जब तक वो गुजरात टाइटंस के साथ थे, सबकुछ फर्स्ट क्लास चल रहा था, लेकिन जब दोबारा मुंबई इंडियंस में शामिल हुए तो मामला फंस गया. हार्दिक की कप्तानी में गुजरात टाइटंस 2022 में चैंपियन बनी. इसके बाद अगले साल टीम ने फाइनल तक का सफर तय किया. 2024 में हार्दिक मुंबई इंडियंस के कप्तान बने. इसके बाद से उन्होंने 35 मैचों में कप्तानी की है. यहां टीम को जीत से ज्यादा हार मिली है. उनके नेतृत्व में मुंबई इंडियंस ने 15 मुकाबले जीते हैं, जबकि 20 मैचों में हार का सामना करना पड़ा है.
रोहित की कप्तानी का रिपोर्ट कार्ड
अब अगर हमने हार्दिक पांड्या की कप्तानी का रिपोर्ट कार्ड बता दिया है तो रोहित शर्मा की कप्तानी के बारे में भी जानना जरूरी है. रोहित आईपीएल के सबसे सफल कप्तानों में से एक हैं, जिन्होंने 2013 से 2023 तक मुंबई इंडियंस (एमआई) को पांच खिताब (2013, 2015, 2017, 2019, 2020) दिलाए. उन्होंने 158 मैचों में कप्तानी की है, जिनमें से 87 जीते और 67 हारे हैं.
ये आंकड़े देखकर सवाल उठना लाजमी है कि आखिर मुंबई इंडियंस ने रोहित शर्मा से कप्तानी छीनकर अपने पैर पर कुल्हाड़ी मारने का काम किया है? ऐसा हम इसलिए बोल रहे हैं क्योंकि हिटमैन अभी भी मुंबई इंडियंस टीम का हिस्सा हैं. जब वो अभी भी टीम के साथ हैं और प्लेइंग इलेवन का हिस्सा हैं तो फिर उन्हें छोड़कर किसी और को कप्तान बनाने की क्या जरूरत थी. बता दें कि मुंबई इंडियंस को 5 बार चैंपियन बनाने के अलावा रोहित की कप्तानी में भारत ने टी20 वर्ल्ड कप 2024 और चैंपियंस ट्रॉफी 2025 पर भी कब्जा जमाया था. वहीं, 2023 में हुए 50-ओवर वर्ल्ड कप में भी टीम इंडिया का प्रदर्शन शानदार रहा था, लेकिन ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ फाइनल में उन्हें दर्दनाक हार का सामना करना पड़ा.






