नई दिल्ली। अखिल भारतीय हिंदू महासभा (युवा मोर्चा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं भाजपा युवा मोर्चा के प्रवक्ता ई. आदित्य सिंह ने सोमवार को केंद्रीय राज्य मंत्री (कॉरपोरेट कार्य मंत्रालय एवं सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय) तथा पूर्वी दिल्ली के सांसद श्री हर्ष मल्होत्रा से उनके दिल्ली स्थित कार्यालय में शिष्टाचार मुलाक़ात की।
इस दौरान ई. आदित्य सिंह ने बिहार सहित अन्य ज़िलों की प्रमुख सड़क समस्याओं को लेकर एक विस्तृत ज्ञापन मंत्री महोदय को सौंपा। उन्होंने बताया कि क्षेत्र की कई सड़कों की स्थिति बेहद खराब है, जिससे आम लोगों को रोजमर्रा के जीवन में गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। विशेष रूप से ग्रामीण इलाकों की सड़कों की हालत जर्जर है, जिससे न केवल यातायात प्रभावित हो रहा है, बल्कि एम्बुलेंस जैसी आपातकालीन सेवाओं की पहुँच भी बाधित हो रही है।
ई. सिंह ने केंद्रीय मंत्री को अवगत कराया कि वे इन समस्याओं को लेकर लगातार क्षेत्रीय जनता से संपर्क में हैं और जनसुनवाई भी कर रहे हैं। उन्होंने कहा, “जनता की आवाज़ को सरकार तक पहुँचाना मेरा दायित्व है और इसी उद्देश्य से मैंने माननीय मंत्री से यह मुलाक़ात की है।”
मुलाक़ात के दौरान उन्होंने मंत्री महोदय को एक लिखित ज्ञापन सौंपा जिसमें प्रभावित सड़कों की सूची, उनकी वर्तमान स्थिति और उनके त्वरित मरम्मत अथवा निर्माण की माँग प्रमुख रूप से शामिल थी।
केंद्रीय मंत्री हर्ष मल्होत्रा ने ई. आदित्य सिंह की बातों को गंभीरता से सुनते हुए भरोसा दिलाया कि वे संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश देंगे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार देश के सड़क व यातायात ढाँचे को सुदृढ़ बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।
उल्लेखनीय है कि ई. आदित्य सिंह सामाजिक और राजनीतिक क्षेत्रों में सक्रिय भूमिका निभाते हुए युवाओं के बीच एक प्रभावशाली और जनसरोकार से जुड़े नेता के रूप में पहचान बना चुके हैं। उनका यह प्रयास दर्शाता है कि वे केवल संगठनात्मक कार्यों तक सीमित नहीं, बल्कि जनहित के मुद्दों को प्राथमिकता देने वाले प्रतिबद्ध जनप्रतिनिधि हैं।







