नई दिल्ली। गर्मियों के मौसम में बिजली की खपत बढ़ना आम बात है। खासकर राजस्थान, गुजरात, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, बिहार और महाराष्ट्र जैसे राज्यों में तापमान 45 से 50 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच जाता है। ऐसे में एयर कंडीशनर (AC), कूलर और पंखे लंबे समय तक चलते हैं, जिससे बिजली की खपत बढ़ जाती है और बिल भी ज्यादा आता है, हालांकि अगर बिजली का बिल अचानक सामान्य से कई गुना अधिक आ जाए, तो इसे नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। इसकी जांच करना जरूरी है, क्योंकि कई बार इसके पीछे तकनीकी या बिलिंग से जुड़ी गड़बड़ी भी हो सकती है।
आखिर बिजली का बिल इतना ज्यादा क्यों आता है?
बिजली वितरण कंपनियां (DISCOMs) स्लैब आधारित टैरिफ सिस्टम पर काम करती हैं। इसका मतलब है कि जैसे-जैसे आपकी बिजली खपत (यूनिट) बढ़ती है, प्रति यूनिट दर भी बढ़ सकती है। इसलिए गर्मियों में कुछ हद तक बिल बढ़ना सामान्य है, लेकिन अगर बिल असामान्य रूप से बढ़ गया है, तो इसके पीछे कुछ अन्य कारण भी हो सकते हैं।
बिजली का बिल बढ़ने के ये हो सकते हैं प्रमुख कारण
अचानक बढ़े हुए बिजली बिल के पीछे कई वजहें हो सकती हैं, जैसे-
- मीटर रीडिंग लेने में कर्मचारी की गलती।
- बिजली मीटर का खराब होना या तेज चलना।
- गलत टैरिफ श्रेणी के तहत बिल बनना।
- भीषण गर्मी के कारण बिजली की अधिक खपत।
- पुराने AC, फ्रिज या अन्य उपकरणों का ज्यादा बिजली खर्च करना।
- स्मार्ट मीटर में तकनीकी खराबी या डेटा संबंधी त्रुटि।
सबसे पहले क्या करें?
यदि आपका बिजली बिल सामान्य से काफी ज्यादा आया है, तो बिना जांचे तुरंत भुगतान करने के बजाय पहले कुछ बातों की पुष्टि करें। सबसे पहले बिल में दर्ज यूनिट की तुलना पिछले कुछ महीनों के बिल से करें। देखें कि वास्तव में आपकी बिजली खपत बढ़ी है या नहीं। यदि बिल में कोई असामान्य अंतर दिखाई देता है, तो तुरंत अपनी बिजली वितरण कंपनी में शिकायत दर्ज कराएं। शिकायत संख्या (Complaint Number) को सुरक्षित रखें, ताकि भविष्य में जरूरत पड़ने पर उसका उपयोग किया जा सके। भारतीय कानून के तहत उपभोक्ताओं को गलत बिजली बिल के खिलाफ शिकायत करने का पूरा अधिकार दिया गया है।
CGRF में कर सकते हैं शिकायत
हर बिजली वितरण कंपनी (DISCOM) के लिए Consumer Grievance Redressal Forum (CGRF) बनाना अनिवार्य है। यदि बिल गलत आया है, मीटर खराब है या बिलिंग से जुड़ा कोई विवाद है, तो उपभोक्ता यहां शिकायत दर्ज करा सकते हैं। जांच के बाद फोरम कंपनी को गलती सुधारने के निर्देश दे सकता है।
उपभोक्ता संरक्षण कानून भी देता है अधिकार
Electricity (Rights of Consumers) Rules, 2020 के अनुसार हर उपभोक्ता को सही बिल, भरोसेमंद बिजली सेवा और समय पर शिकायत निवारण का अधिकार है। यदि बिजली कंपनी की गलती से आर्थिक नुकसान होता है, तो उपभोक्ता Consumer Protection Act के तहत भी कार्रवाई कर सकते हैं।
स्मार्ट मीटर में गड़बड़ी हो तो क्या करें?
देश के कई राज्यों में अब स्मार्ट मीटर लगाए जा रहे हैं, जो स्वतः बिजली की रीडिंग भेजते हैं। हालांकि, इनमें भी कभी-कभी तकनीकी गड़बड़ी आ सकती है।
यदि आपको स्मार्ट मीटर पर संदेह हो तो-
- स्मार्ट मीटर ऐप के जरिए रोजाना बिजली खपत की निगरानी करें।
- बिजली कंपनी की वेबसाइट, ऐप या कस्टमर केयर पर शिकायत दर्ज करें।
- मीटर की आधिकारिक जांच कराने का अनुरोध करें।
- शिकायत संख्या को सुरक्षित रखें।
बिजली का बिल कम करने के आसान उपाय
यदि आप बिजली का खर्च कम करना चाहते हैं, तो कुछ आसान उपाय अपना सकते हैं।
- 5-स्टार रेटिंग वाले ऊर्जा दक्ष (Energy Efficient) उपकरणों का उपयोग करें।
- AC का तापमान 24 से 26 डिग्री सेल्सियस के बीच रखें।
- जरूरत न होने पर लाइट, पंखे और अन्य उपकरण बंद रखें।
रोजाना बिजली की खपत पर नजर रखें।
यदि संभव हो तो घर की छत पर सोलर पैनल लगवाएं। सरकार की PM Surya Ghar Muft Bijli Yojana जैसी योजनाओं के तहत आर्थिक सहायता भी उपलब्ध कराई जा रही है।







