विकाश शुक्ला
उमरिया, मध्य प्रदेश। वन्यजीवों के दीदार और रोमांचक जंगल सफारी के लिए देश-दुनिया में पहचान रखने वाले बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व में नियमों के पालन को लेकर गंभीर सवाल खड़े होने लगे हैं। जंगल के भीतर पर्यटक वाहनों की निर्धारित गति सीमा का पालन नहीं होने के मामले सामने आने के बाद पर्यटन विभाग हरकत में आया है। बघीरा एप्प की जांच में कुछ वाहनों के तेज गति से चलने की जानकारी मिलने पर पर्यटन अधिकारी ताला ने छ: गाइडों और पर्यटन वाहन सफारी चालकों को कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब तलब किया है।
विभाग की इस कार्रवाई से सफारी व्यवस्था में जिम्मेदारी और निगरानी को लेकर नई चर्चा शुरू हो गई है। विदित हो कि इससे पहले बीटीआर में सेवानिवृत्त भारतीय प्रशासनिक अधिकारी के सुपुत्र से जुड़ा मामला सुर्खियां बटोर रहा था, जिसे लेकर कार्यवाही की गई थी। चालक, गाइड और वाहन पर छः हजार का जुर्माना लगाते हुए सात दिन के लिए सफारी पर से प्रतिबंध लगाया गया था। लेकिन इसके बाद भी पुनः एक बार लापरवाही का मामला प्रकाश में आया है और अफसर द्वारा कार्यवाही के लिए कदम उठाया गया।
रफ्तार पर लगाम लगाने जारी नोटिस
पर्यटन विभाग की ओर से 15 नवंबर 2026 को जारी नोटिसों में 1, 2, 10 और 12 नवंबर को हुई सुबह की सफारी का उल्लेख किया गया है। विभाग के अनुसार बघीरा एप्प के परीक्षण के दौरान पर्यटक वाहनों को निर्धारित गति से अधिक तेज चलाए जाने की जानकारी सामने आई। इन मामलों में संबंधित गाइडों से जवाब मांगा गया है। नोटिस में विभाग ने यह भी सवाल उठाया है कि जब वाहन तेज गति से चल रहे थे, तब गाइडों ने इसकी सूचना पर्यटन कार्यालय को क्यों नहीं दी।
चार दिन की सफारी छ: वाहनों पर सवाल
जारी विभागीय पत्रों के मुताबिक 1 नवंबर को ताला और खितौली जोन के दो वाहन, 2 नवंबर को मगधी जोन का एक वाहन, 10 नवंबर को मगधी जोन का एक वाहन तथा 12 नवंबर को मगधी और खितौली जोन के दो वाहन विभाग की जांच के दायरे में आए हैं। इन छ: मामलों में संबंधित गाइडों और वाहन चालकों को नोटिस जारी किए गए हैं। विभाग ने वाहन की गति को लेकर गाइडों की जवाबदेही पर भी सवाल खड़े किए हैं।
सूचना नहीं देने पर भी उठे सवाल
पर्यटन अधिकारी की ओर से जारी नोटिस में केवल वाहनों की तेज रफ्तार ही नहीं, बल्कि इसकी जानकारी कार्यालय तक नहीं पहुंचाने को भी गंभीरता से लिया है। विभाग का कहना है कि गाइडों को ऐसी स्थिति में कार्यालय को सूचना देनी चाहिए थी, लेकिन संबंधित मामलों में कोई जानकारी नहीं दी गई। इसी आधार पर पर्यटन नियमों और पार्क प्रबंधन के निर्देशों के उल्लंघन का उल्लेख करते हुए स्पष्टीकरण मांगा गया है।
24 घंटे में देना होगा जवाब
सभी संबंधित गाइडों को नोटिस प्राप्त होने के 24 घंटे के भीतर अपना पक्ष प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। विभाग ने साफ किया है कि निर्धारित अवधि में जवाब नहीं मिलने या स्पष्टीकरण संतोषजनक नहीं पाए जाने पर पर्यटन नियमों के अनुसार एकपक्षीय कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल यह मामला कारण बताओ नोटिस के स्तर पर है और संबंधित गाइडों का पक्ष सामने आना बाकी है।
जंगल की सुरक्षा से जुड़ा है मामला
बांधवगढ़ की पहचान यहां के बाघों और दूसरे वन्यजीवों के प्राकृतिक रहवास से है। जंगल सफारी के दौरान निर्धारित नियमों का पालन करना पर्यटकों, वन्यजीवों और पूरे पर्यटन प्रबंधन के हित में जरूरी है। ऐसे में वाहनों की रफ्तार को लेकर सामने आए मामले ने सफारी संचालन की निगरानी पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना होगा कि विभाग की नोटिस कार्रवाई के बाद व्यवस्था में कितना सुधार आता है और नियमों का पालन सुनिश्चित करने के लिए आगे क्या कदम उठाए जाते हैं।







