देहरादून। भारतीय जनता पार्टी एक महीने के भीतर उत्तराखंड में अपना रिपोर्ट कार्ड जारी करेगी। पार्टी के प्रदेश कार्यालय में सोमवार को हुई चुनाव की तैयारी बैठक में यह निर्णय लिया गया। इसके लिए विमोचन कार्यक्रम तय किया जा रहा है। 2027 के विधानसभा चुनावों में मजबूत प्रत्याशियों के चयन के लिए भाजपा का राज्य संगठन प्रत्येक सीट पर तीन सदस्यीय कमेटी को उतारने जा रहा है।
भाजपा प्रदेश कार्यालय में राष्ट्रीय महामंत्री संगठन बीएल संतोष की अध्यक्षता में तीन अहम बैठकें हुईं। इस दौरान पार्टी की चुनाव की तैयारियों और टिकट वितरण के साथ ही हारी हुई सीटों को जीतने को लेकर किए जा रहे प्रयासों की समीक्षा की गई। पार्टी पदाधिकारियों ने कहा कि राज्य में एक बार फिर भाजपा सत्ता में वापसी कर रही है, लेकिन इस जीत को पहले मिली जीत से भी ज्यादा यादगार और भव्य बनाना है।
राष्ट्रीय महामंत्री संगठन ने कहा कि केंद्र और राज्य की सरकारों ने कई ऐतिहासिक कार्य किए हैं। ऐसे में लोगों से निचले स्तर पर जाकर संपर्क बढ़ाए जाने की जरूरत है। निर्णय लिया गया कि पार्टी जल्द अपना रिपोर्ट कार्ड प्रस्तुत करेगी, जिसमें पिछले चुनावों में किए गए वादों पर हुए अमल को जनता के समक्ष रखा जाएगा। टिकट वितरण, दावेदारों की स्थिति और पिछली बार हारी हुई 23 सीटों को जीतने को लेकर चर्चा की गई।
दिसंबर तक के कार्यक्रम तय
बैठक में चुनाव की दृष्टि से पार्टी की ओर से दिसंबर तक आयोजित होने वाले कार्यक्रमों को भी तय किया गया। इसमें विधानसभा स्तर पर होने वाले त्रिदेव सम्मेलन से लेकर हर वर्ग के सम्मेलनों की तिथि तय कर दी गई है। हालांकि इन सभी कार्यक्रमों का ऐलान पार्टी एक दो दिन में करेगी। प्रदेश महामंत्री दीप्ति रावत ने कहा कि भाजपा पूरी तरह से चुनाव में जाने के लिए तैयार है और इन्हीं तैयारियों को बैठक में अंतिम रूप दिया गया। पार्टी हर वर्ग, जाति और श्रेणी तक पहुंच बनाकर संवाद बढ़ाने पर फोकस करेगी। बैठक में आगामी कार्यक्रमों को भी अंतिम रूप दिया गया है।
कौन मजबूत दावेदार
भाजपा पहले ही प्रत्याशी चयन की प्रक्रिया शुरू कर चुकी है। पहले चरण में प्रदेश कार्यसमिति के सदस्यों को जिलों में भेजकर प्रारंभिक आंकलन किया गया है। इसके बाद अब दिसंबर में प्रत्येक सीट पर तीन सदस्यीय कमेटी उतारने का निर्णय लिया गया है। इस तीन सदस्यीय कमेटी में एक अन्य राज्य से आए विस्तारक और दो वरिष्ठ नेताओं को जिम्मेदारी दी जाएगी। यह प्रत्येक सीट पर जाकर दावेदारों को टटोलेगी और उसमें सामने आने वाले नामों को लेकर फिर बूथ स्तर पर फीडबैक लिया जाएगा।
केंद्रीय नेतृत्व तक पहुंचे सही सूचना
राष्ट्रीय महामंत्री संगठन ने पार्टी के मीडिया विंग की बैठक अलग से ली। इस से ली। इस सभी से सोशल मीडिया में सक्रियता बढ़ाने, विपक्ष के नैरेटिव का मजबूती से जवाब देने और सही सूचना केंद्रीय नेतृत्व तक पहुंचाने पर जोर दिया। प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि राष्ट्रीय महामंत्री संगठन बीएल संतोष की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में कई फैसले लिए गए। इनको धरातल पर उतारा जाएगा। भाजपा जल्द ही विधानसभा स्तर पर चुनाव प्रबंधन समिति का गठन करेगी। इसके अलावा विस स्तर पर चुनाव संचालन समिति का भी गठन करने जा रही है।
समिति बनेगी
भाजपा आम मतदाताओं के बीच अपनी पैठ को मजबूत करने के लिए विधानसभा स्तर पर बूथ सम्मेलन आयोजित करेगी। जबकि लोकसभा स्तर पर शक्ति केंद्र सम्मेलन आयोजित करने का निर्णय लिया गया है। इन सम्मेलनों के जरिए पार्टी की नीतियों और सरकार की उपलब्धियों को आम लोगों तक पहुंचाने पर फोकस रहेगा।
बैठक में ये निर्णय भी लिए
- गढ़वाल और कुमाऊं में आयोजित होंगी दो जन संकल्प यात्राएं।
- संकल्प पत्र के लिए कमेटी बनेगी
- हरिद्वार में आयोजित होने वाली प्रदेश कार्यसमिति की बैठक का एजेंडा तय हुआ।
- प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में विपक्ष के नैरेटिव के खिलाफ आएगा राजनैतिक प्रस्ताव।







