नई दिल्ली। कैंसर एक दिन में नहीं होता। एक्सपर्ट्स का मानना है कि कई बार सालों तक चलने वाली छोटी-छोटी आदतें और कुछ केमिकल्स के लगातार संपर्क में रहना शरीर पर असर डाल सकता है। यही वजह है कि अब लोग सिर्फ बाहर के खाने पर ही नहीं, बल्कि घर में रोज इस्तेमाल होने वाली चीजों पर भी ध्यान देने लगे हैं।
आइए जानते हैं ऐसी कुछ चीजों के बारे में, जिनका जरूरत से ज्यादा या गलत तरीके से इस्तेमाल लंबे समय में स्वास्थ्य के लिए चिंता का कारण बन सकता है।
तेज खुशबू वाले स्किन केयर प्रोडक्ट्स
अगर आप बहुत तेज खुशबू वाले साबुन, बॉडी वॉश या दूसरी चीजें रोजाना इस्तेमाल करते हैं, तो थोड़ा सावधान हो जाएं। इनमें मौजूद कुछ केमिकल्स को लंबे समय तक इस्तेमाल करने पर हार्मोन से जुड़ी परेशानियां हो सकती हैं और कुछ तरह के कैंसर रिस्क से भी जोड़ा गया है।
प्लास्टिक की पानी की बोतलें
गाड़ी में रखी बोतल, धूप में पड़ी बोतल या महीनों पुरानी प्लास्टिक की बोतल से पानी पीने की आदत अच्छी नहीं मानी जाती। गर्मी लगने पर प्लास्टिक के बेहद छोटे कण पानी में मिल सकते हैं। यही वजह है कि विशेषज्ञ स्टील या कांच की बोतल इस्तेमाल करने की सलाह देते हैं।
एल्युमिनियम फॉयल
खाना पैक करने या पकाने में एल्युमिनियम फॉयल का कभी-कभार इस्तेमाल ठीक है। लेकिन खट्टे खाने के साथ या बहुत ज्यादा गर्मी में इसका बार-बार उपयोग करने से इसकी थोड़ी मात्रा खाने में पहुंच सकती है। इसलिए जरूरत से ज्यादा इस्तेमाल ना करें।
प्लास्टिक टिफिन या कंटेनर्स
गर्म खाना सीधे प्लास्टिक के डिब्बे में रखना या उसी में गर्म करना नुकसानदायक हो सकता है। कुछ शोध बताते हैं कि इससे कुछ केमिकल्स खाने में मिल सकते हैं, जिन्हें लंबे समय में स्वास्थ्य के लिए अच्छा नहीं माना जाता।
नॉन स्टिक बर्तन
अगर आपके नॉन स्टिक तवे या कड़ाही की परत निकलने लगी है, तो उसे बदलने का समय आ गया है। ऐसे बर्तनों को ज्यादा गर्म करने पर कुछ हानिकारक तत्व निकल सकते हैं। इसलिए पुराने और खरोंच वाले बर्तन इस्तेमाल करने से बचें।
प्लास्टिक चॉपिंग बोर्ड्स
जिस प्लास्टिक बोर्ड पर आप रोज सब्जियां काटते हैं, उस पर धीरे-धीरे गहरे निशान पड़ने लगते हैं। हर कट के साथ प्लास्टिक के छोटे-छोटे कण खाने में जा सकते हैं। इसलिए बहुत पुराने बोर्ड को बदल देना ही समझदारी है। विकल्प के तौर पर आप लकड़ी के चॉपिंग बोर्ड्स चुन सकते हैं।
बार-बार गर्म किया गया तेल
पकौड़े या पूड़ी तलने के बाद बचे तेल को बार-बार इस्तेमाल करने की आदत कई घरों में होती है। लेकिन यही आदत नुकसान पहुंचा सकती है। बार-बार गर्म होने पर तेल में ऐसे तत्व बनने लगते हैं जिन्हें शरीर के लिए अच्छा नहीं माना जाता और कुछ अध्ययनों में इन्हें कैंसर के बढ़े हुए जोखिम से भी जोड़ा गया है।







