देहरादून। शनिवार को उत्तराखंड में सेल ब्रॉडकास्टिंग सिस्टम के माध्यम से एक परीक्षण (टेस्ट) अलर्ट जारी किया जाएगा। इसका उद्देश्य राज्य में स्थापित आपातकालीन सूचना प्रसारण प्रणाली की कार्यक्षमता का आकलन करना और यह सुनिश्चित करना है कि आपदा की स्थिति में चेतावनी संदेश समय पर और व्यापक स्तर पर लोगों तक पहुंच सकें।
उत्तराखंड राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (यूएसडीएमए) ने नागरिकों से अपील की है कि इस संदेश को केवल परीक्षण अलर्ट समझें और किसी भी प्रकार की घबराहट न करें।
आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विभाग के सचिव विनोद कुमार सुमन ने बताया कि यूएसडीएमए, देहरादून की ओर से राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (नई दिल्ली) के सहयोग से राज्य में आपदा पूर्व चेतावनी प्रणाली को मजबूत बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
इस पहल का उद्देश्य मौसम पूर्वानुमान और आपदा संबंधी सूचनाओं को आम लोगों तक समय पर और प्रभावी ढंग से पहुंचाना है, ताकि संभावित आपदाओं के प्रति पहले से सतर्क किया जा सके और जन-धन की हानि को कम किया जा सके।
यह परीक्षण विभिन्न मोबाइल नेटवर्क सेवा प्रदाताओं के माध्यम से किया जाएगा। इससे यह आकलन होगा कि अलर्ट संदेश कितनी प्रभावशीलता से प्रसारित हो रहे हैं और किन क्षेत्रों में सुधार की आवश्यकता है। साथ ही, संदेशों की त्वरितता और सटीकता का भी परीक्षण किया जाएगा।
प्राधिकरण के अनुसार, इस पूरी प्रक्रिया का उद्देश्य भविष्य में किसी भी आपदा के दौरान नागरिकों को समय रहते सचेत करना है, ताकि वे आवश्यक सावधानी बरत सकें। इसके जरिए प्रशासन और आम जनता के बीच बेहतर समन्वय भी स्थापित किया जा सकेगा।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि भविष्य में जब वास्तविक आपदा अलर्ट जारी किए जाएंगे, तब उन्हें गंभीरता से लेना होगा और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करना आवश्यक होगा।







