नई दिल्ली। दिल्ली की हवा को साफ रखने के लिए सरकार ने वाहनों पर सख्ती शुरू कर दी है. राजधानी में आज से ‘नो PUC, नो फ्यूल’ लागू हो गया है. मतलब साफ है, अगर वाहन का वैध प्रदूषण नियंत्रण प्रमाणपत्र यानी PUC नहीं है, तो पेट्रोल पंप पर फ्यूल नहीं मिलेगा.
पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने दिल्लीवासियों से अपील की है कि फ्यूल लेने से पहले अपने वाहन का PUC जरूर बनवा लें.बिना PUC के फ्यूल लेने पर चालान की कार्रवाई की जा सकती है.
लोगों से सावधानी बरतने की अपील
वहीं, दीपावली के दौरान बढ़ने वाले प्रदूषण को लेकर भी सरकार ने लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है. मनजिंदर सिंह सिरसा ने कहा, “दीपावली के अगले दिन पटाखों के धुएं की वजह से दिल्ली में हवा की गुणवत्ता काफी खराब हो जाती है.ऐसे में दिल्लीवासियों से सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों का पालन करने की अपील करता हूं.”
सरकार ने लोगों से ग्रीन क्रैकर्स का इस्तेमाल करने को कहा है, ताकि त्योहार भी उत्साह के साथ मनाया जा सके और पर्यावरण का भी ध्यान रखा जा सके.
प्रदूषण की निगरानी के लिए तकनीक सहारा
प्रदूषण की निगरानी और उस पर तुरंत कार्रवाई के लिए दिल्ली सरकार ने तकनीक का सहारा लिया है. दिल्ली में इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर यानी ICCC की शुरुआत की गई है.सरकार के मुताबिक, यह सेंटर रियल टाइम में प्रदूषण के स्रोतों पर नजर रखने में मदद करेगा. किसी इलाके में प्रदूषण से जुड़ी समस्या सामने आने पर संबंधित विभागों को जानकारी दी जाएगी, ताकि जरूरत के मुताबिक तुरंत कार्रवाई की जा सके.
इंटेलिजेंट ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम की मंजूरी
मनजिंदर सिंह सिरसा ने कहा केंद्र सरकार ने कल दिल्ली के लिए बड़ी सौगात दी है. केंद्रीय मंत्रिमंडल ने दिल्ली में यातायात व्यवस्था को आधुनिक बनाने के लिए 1,789.52 करोड़ रुपये की लागत वाले इंटेलिजेंट ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम (ITMS) को मंजूरी दी है, जिससे आने वाले दिनों में दिल्ली में ट्राफिक व्यवस्था और बेहतर होगी. क्यों इस सिस्टम से हमे पता चल सकेगा की ट्रैफ़िक के लिए कितने समय तक रेडसिग्नल हो और कितने समय तक ग्रीन सिग्नल ताकि रेड सिग्नल की वजह से वाहन लंबे समय तक खड़े न रहे और प्रदूषण की रोकथाम में मदद मिल सके.
हाईटेक वाररूम 24 घंटे करेगा काम
सरकार के प्रदूषण नियंत्रण अभियान में ग्रीन वॉर रूम और आधुनिक तकनीक से निगरानी जैसे कदम भी शामिल हैं.ICCC की शुरुआत के मौके पर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, ने कहा आज दिल्ली में प्रदूषण के ख़िलाफ़ जंग और मजबूती से लड़ने के लिए सरकार तैयार है. और ये आईसीसीसी इसमें अहम भूमिका निभाने वाला है. हम 24×7 प्रदूषण पर काम करेंगे ताकि दिल्ली के प्रदूषण को कम किया जा सके. ये हाई टेक वार रूम 24 घंटे काम करेगा. और जहाँ भी प्रदूषण बढ़ने की जानकारी मिलेगी उसका अलर्ट देगा जिसपर ग्राउंड पर मौजूद हमारी टीमे तत्काल काम करेगी.
इस मौके पर केंद्रीय राज्य मंत्री एवं बीजेपी दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा, पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा और स्थानीय विधायक अरविंदर सिंह लवली मौजूद रहे.







