नई दिल्ली: राम जन्मोत्सव की तैयारी रामनगरी में धूमधाम से हो रही है. आज पहली बार रामनवमी के अवसर पर जिला प्रशासन ने पोस्टर जारी किया है. अयोध्या धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों से भरपूर है. नवरात्रि की प्रतिप्रदा से ही अयोध्या के मठ, मंदिर और हर घर में धार्मिक अनुष्ठान हो रहे हैं. भगवान राम के जन्मोत्सव को ऐतिहासिक बनाने के लिए जिला प्रशासन ने भी पूरी तैयारी कर ली है.
जल का छिड़काव ड्रोन कैमरे से करेंगी
अयोध्या आने वाले राम भक्तों को गर्मी से राहत देने के लिए मा सरयू अपने जल का छिड़काव ड्रोन कैमरे से करेंगी. जिलाधिकारी अयोध्या ने बताया कि अयोध्या के सभी मठ-मंदिरों में धार्मिक अनुष्ठान होंगे और राम कथा पार्क में भी सांस्कृतिक और पर्यटन विभाग के नेतृत्व में धार्मिक अनुष्ठान होगा. इसके साथ ही ODOP की प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी. भगवान राम के भक्तों को असुविधा कम हो, इसके लिए भी प्रयास किए जा रहे हैं.
महाकुंभ की तरह सुविधाएं दी जाएंगी
श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ने पर महाकुंभ की तरह उन्हें सुविधाएं दी जाएंगी और दर्शन का समय भी बढ़ाया जाएगा. जिलाधिकारी चंद्र विजय सिंह ने बताया कि रामनवमी अयोध्या का ऐतिहासिक पर्व है, जिसमें लाखों की संख्या में श्रद्धालु आते हैं. श्रद्धालुओं को कोई परेशानी न हो, इसका ध्यान रखा जा रहा है. योजना बनाई जा रही है कि रामनवमी के दिन सरयू जल का छिड़काव राम भक्तों पर किया जाए और यह कार्य ड्रोन के माध्यम से पूरा होगा.







