प्रकाश मेहरा
विशेष डेस्क
नई दिल्ली। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के एक बयान ने देश की राजनीति में नई बहस छेड़ दी है। राहुल गांधी ने दावा किया है कि “देश गंभीर आर्थिक चुनौतियों की ओर बढ़ रहा है और केंद्र सरकार द्वारा बनाया गया नियंत्रण तंत्र कमजोर पड़ रहा है।” उन्होंने यह भी कहा कि अगले एक वर्ष के भीतर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पद पर नहीं रहेंगे।
राहुल गांधी के इन बयानों के बाद भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने तीखी प्रतिक्रिया दी है, जबकि कांग्रेस नेताओं ने उनके आकलन का समर्थन किया है।
राहुल गांधी ने क्या कहा?
कांग्रेस द्वारा जारी एक वीडियो में राहुल गांधी ने कहा कि “देश में एक तरफ “भयंकर आर्थिक संकट” की स्थिति बन रही है, जबकि दूसरी ओर विभिन्न संस्थाओं के भीतर असंतोष बढ़ रहा है। उनका दावा है कि महंगाई, बढ़ती कीमतें और आर्थिक दबाव आने वाले समय में बड़ा संकट खड़ा कर सकते हैं।
राहुल गांधी ने यह भी कहा कि “सरकार द्वारा वर्षों से बनाए गए नियंत्रण तंत्र में दरारें दिखाई दे रही हैं और विभिन्न संस्थानों से उन्हें महत्वपूर्ण जानकारियां मिल रही हैं। उन्होंने आशंका जताई कि जनता के बढ़ते दबाव को देखते हुए सरकार कठोर कदम उठा सकती है।
बीजेपी का तीखा जवाब
राहुल गांधी के बयान पर बीजेपी नेताओं ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। पार्टी प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने राहुल गांधी को “अराजक राजनीति” करने वाला नेता बताते हुए आरोप लगाया कि वे देश में अस्थिरता का माहौल बनाना चाहते हैं।
वहीं महाराष्ट्र बीजेपी अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले ने कहा कि “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश सुरक्षित हाथों में है और राहुल गांधी को अपनी पार्टी की स्थिति पर ध्यान देना चाहिए।
कांग्रेस ने किया बचाव
कांग्रेस नेता प्रमोद तिवारी ने राहुल गांधी के बयान का समर्थन करते हुए कहा कि “देश में आर्थिक चुनौतियां स्पष्ट रूप से दिखाई दे रही हैं। उन्होंने दावा किया कि महंगाई, बेरोजगारी और निवेश में सुस्ती जैसे मुद्दे भविष्य में बड़ी आर्थिक परेशानी का कारण बन सकते हैं।”
अर्थव्यवस्था को लेकर बढ़ती चिंताएं
हाल के समय में कई प्रमुख अर्थशास्त्रियों ने भी भारतीय अर्थव्यवस्था की दिशा को लेकर चिंता व्यक्त की है। प्रधानमंत्री की आर्थिक सलाहकार परिषद के पूर्व सदस्य सुरजीत भल्ला, पूर्व मुख्य आर्थिक सलाहकार अरविंद सुब्रमण्यम और आर्थिक मामलों के जानकार संजय बारू ने विभिन्न लेखों और टिप्पणियों में आर्थिक नीतियों तथा निवेश माहौल पर सवाल उठाए हैं।
विशेषज्ञों का कहना है कि “वैश्विक परिस्थितियों, ऊर्जा संकट, बढ़ती महंगाई और रुपये में गिरावट जैसे कारक भारतीय अर्थव्यवस्था पर दबाव बना रहे हैं।”
बढ़ती महंगाई और रुपये पर दबाव
देश में पेट्रोल, डीजल, सीएनजी और एलपीजी की कीमतों में बढ़ोतरी का असर आम जनता पर पड़ रहा है। वहीं अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपये में कमजोरी भी चिंता का विषय बनी हुई है।
विशेषज्ञों का मानना है कि “अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों और आयात लागत बढ़ने से आर्थिक चुनौतियां और गहरा सकती हैं। हालांकि कुछ अर्थशास्त्रियों का कहना है कि वर्तमान स्थिति पर नजर बनाए रखने की जरूरत है, लेकिन तत्काल घबराने जैसी परिस्थिति नहीं है।
राजनीतिक गलियारों में नई बहस
राहुल गांधी के बयान ने राजनीतिक गलियारों में नई बहस को जन्म दे दिया है। जहां विपक्ष आर्थिक मोर्चे पर सरकार को घेरने की कोशिश कर रहा है, वहीं बीजेपी इन आरोपों को राजनीति से प्रेरित बता रही है। आने वाले समय में देश की आर्थिक स्थिति और राजनीतिक घटनाक्रम इस बहस की दिशा तय करेंगे।







