नई दिल्ली। स्वाति मालीवाल ने मंगलवार को आधिकारिक तौर पर बीजेपी का दामन थाम लिया। उन्हें दिल्ली बीजेपी के अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने बीजेपी में शामिल किया। बीजेपी में शामिल होने के बाद स्वाति मालीवाल ने मीडिया से बातचीत में कहा कि वह पीएम नरेंद्र मोदी और होम मिनिस्टर अमित शाह के काम से काफी ज्यादा प्रभावित हैं।
स्वाति मालीवाल ने कहा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह ने इस देश में जो ऐतिहासिक काम किए हैं, उनसे बहुत ज्यादा प्रभावित हूं और इनसे प्रेरण लेकर मैं आज भाजपा में जुड़ी हूं। मैं भाजपा में किसी मजबूरी में नहीं आई। मैं भाजपा के कामों में बहुत सालों से दिलचस्पी रख रही हूं।”
उन्होंने आगे कहा, “मैं जब दिल्ली महिला आयोग का काम कर रही थी, मुझे बीजेपी की तरफ से भी काफी सपोर्ट था। मैं आज बहुत भावुक हूं। यह मेरे लिए बहुत महत्वपूर्ण दिन है। मैं भगवान और पूरी बीजेपी की शुक्रगुजार हूं। मैं दिल्ली के लिए पूरी मेहनत से काम करूंगी। अब क्योंकि हम भाजपा से जुड़े तो भाजपा की पावर से और अच्छे से काम कर पाएंगे।”
‘केजरीवाल की सरकार ने लूट मचा रखी थी’
पिछले दस सालों में हमने देखा कि अरविंद केजरीवाल और आम आदमी पार्टी की सरकार ने किस तरह लूट मचा रखी थी। बहुत ज्यादा बुरा हाल कर रखा था। सड़क और पानी जैसी मूल व्यवस्था खराब थी, दिल्ली वाले इसके लिए तरस रहे थे। अभी पिछले दो सालों में रेखा गुप्ता की सरकार ने काफी काम करने की कोशिश की है, अभी और काम करने की जरूरत है। सब मिलकर ये काम करेंगे।







