प्रकाश मेहरा
उत्तराखंड डेस्क
चमोली। उत्तराखंड के चमोली जिले के कर्णप्रयाग क्षेत्र में उस समय तनाव फैल गया जब हेमकुंड साहिब से लौट रहे निहंग तीर्थयात्रियों और स्थानीय लोगों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। यह कहासुनी धीरे-धीरे हिंसक झड़प में बदल गई।
प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार, कर्णप्रयाग बाजार में हुई इस घटना के दौरान दोनों पक्षों के बीच मारपीट हुई और स्थिति इतनी बिगड़ गई कि तलवारबाजी तक हो गई। इस हमले में चार स्थानीय लोग घायल हो गए, जिन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
इलाके में तनाव का माहौल
घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया। आक्रोशित स्थानीय लोगों ने चौकी परिसर के बाहर, बद्रीनाथ हाईवे और पंचपुलिया क्षेत्र में जाम लगा दिया। इसके चलते गौचर में यात्रा को अस्थायी रूप से रोक दिया गया।
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए प्रशासन ने अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया है। अधिकारियों ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है और कहा है कि मामले की जांच की जा रही है। पुलिस के अनुसार, दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और हालात पर नजर रखी जा रही है।







