नई दिल्ली: ज्यादातर स्मार्टफोन में लिथियम-आयन बैटरी यूज होती है. ये बाकियों से ज्यादा देर तक चार्ज होल्ड कर सकती है और इनका लाइफ स्पैन भी ज्यादा होता है. इसका मतलब यह नहीं है कि फोन की बैटरी चलती ही जाएगी. पुरानी होने के साथ-साथ इसकी चार्ज होल्ड करने की कैपेसिटी कम होती जाती है और कुछ सालों बाद बैटरी को बदलना पड़ता है. हालांकि, कुछ गलतियों से बचकर बैटरी की लाइफ को बढ़ाया जा सकता है. आज हम उन गलतियों के बारे में बात करेंगे, जिससे बैटरी जल्दी खराब हो जाती है.
खराब क्वालिटी वाले चार्जर से चार्ज करना– ऐप्पल समेत कई कंपनियों ने अपने फोन के साथ चार्जर देना बंद कर दिया है. इसलिए कई बार लोग पैसों के लालच में आकर या दूसरे कारणों से खराब क्वालिटी वाला चार्जर खरीद लेते हैं. ऐसे चार्जर बैटरी को चार्ज करने के साथ-साथ खराब भी करते हैं. ये वॉल्टेज को ठीक तरीके से रेगुलेट नहीं कर पाते, जिसके चलते बैटरी पर लोड बढ़ता है और यह जल्दी खराब होने लगती है.
बैटरी को ओवरहीट से न बचाना- लिथियम-आयन बैटरियां टेंपरेचर सेंसेटिव होती हैं. यानी इनके लिए एकदम सर्दी और तेज गर्मी दोनों ही खतरनाक है. इसलिए बैटरी को ओवरहीट होने से बचाना चाहिए. चार्जिंग के दौरान या सनलाइट में फोन यूज करने से ओवरहीटिंग का खतरा बढ़ जाता है. ओवरहीटिंग होने से बैटरी में केमिकल रिएक्शन तेज हो जाती है और नुकसान का खतरा बढ़ सकता है.
बैटरी को एकदम डिस्चार्ज होने देना– कई लोगों की आदत होती है कि वो फोन के पूरी तरह बंद होने से पहले चार्ज नहीं करते हैं. ऐसा करना बैटरी के लिए मुश्किलें पैदा कर देता है. एकदम डिस्चार्ज होने के बाद दोबारा चार्ज होने के लिए बैटरी को ज्यादा काम करना पड़ता है. लगातार ऐसा करने पर बैटरी खराब होने लगती है.
एकदम ठंड में फोन चार्ज करना- सर्दियों के दौरान देश के कई हिस्सों में तापमान 0 डिग्री से नीचे चला जाता है. फोन की बैटरी इतनी ठंड नहीं झेल सकती. यही कारण है कि ठंडे इलाकों में रहने वाले लोगों के डिवाइसेस की बैटरियां कम चलती हैं. इतनी ठंड में बार-बार चार्ज करने से बैटरी के एनोड पर मेटेलिक लिथियम की कोटिंग जम जाती है, जिस कारण चार्जिंग मुश्किल हो सकती है.
स्मार्ट चार्जिंग यूज न करना– बैटरी को लंबे समय तक 100 प्रतिशत चार्ज रखना नुकसान का कारण बन सकता है. इसलिए फोन कंपनियां अलग-अलग नाम से स्मार्ट चार्जिंग का फीचर देती है. इससे लगातार चार्ज पर रहने के बाद भी फोन की बैटरी लंबे समय तक 100 प्रतिशत चार्ज नहीं रहती.







