नई दिल्ली : दिल्ली के कई इलाकों में एक बार फिर पानी की किल्लत होने वाली है। दिल्ली जल बोर्ड की तरफ से मंगलवार को जानकारी दी गई है कि सोनिया विहार ट्रीटमेंट प्लांट में मेन्टेनेंस का काम चल रहा है। इस प्लांट में फ्लोमीटर और मेंटेनेंस का काम होने की वजह से 18 और 19 जनवरी को दिल्ली के कई इलाकों में पानी की किल्लत रहेगी। दिल्ली जल बोर्ड की तरफ से लोगों को सलाह दी गई है कि वो पर्याप्त मात्रा में पानी जमा कर रख लें और पानी की किल्लत के दौरान वाटर टैंकर भी आग्रह भेजे जाएंगे।
जो नोटिस जल बोर्ड की तरफ से जारी किया गया है उसमें कहा गया है, ‘सोनिया विहार वाटर ट्रीटमेंट प्लांट में फ्लोमीटर को इन्स्टॉल करने की वजह और मेंटेनेंस के काम की वजह से करीब 16 घंटे तक पानी की किल्लत रहेगी। 18 जनवरी की सुबह 10 बजे से 19 जनवरी की सुबह तक पानी की दिक्कत रहेगी।’
इन इलाकों में पानी नहीं आएगा
DJB की तरफ से कहा गया है कि कैलाश नगर, सराय काले खां, जल विहार, लाजपत नगर, मूलचंद अस्पताल, ग्रेटर कैलाश, वसंद कुंज, देवली, अम्बेडकर नगर, ओखला, कालकाजी और गोविंदपुरी में पानी की सप्लाई प्रभावित रहेगी।
इन इलाकों में 16 घंटे तक पानी की किल्लत
इसके अलावा जिन इलाकों में 18 जनवरी से 16 घंटे के लिए पानी की आपूर्ति प्रभावित रहेगी उनमें श्याम नगर कॉलोनी, ओखला, सब्जी मंडी, अमर कॉलोनी, दक्षिण पुरी, पंचशील पार्क, शाहपुर जट, कोटला मुबारकपुर, सरिता विहार, सिद्धार्थ नगर, अपोलो, मालवीय नगर, छतरपुर और NDMC के इलाके शामिल हैं।
इन इलाकों में पहले भी हुआ जल संकट
आपको बता दें कि अभी कुछ ही दिनों पहले यमुना में अमोनिया का स्तर बढ़ने की वजह से भी दिल्लीवासियों को पानी की किल्लत झेलनी पड़ी थी। इसकी वजह से सिविल लाइंस, हिंदूराव अस्पताल, कमला नगर, शक्ति नगर, करोल बाग, पहाड़गंज, एनडीएमसी , ओल्ड राजेंद्र नगर, बलजीत नगर, और प्रेम नगर समेत कई जगहों पर दो दिनों तक जल संकट की स्थिति रही थी। जल बोर्ड ने हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए थे।







