नई दिल्ली। भारतीय टीम के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली वनडे क्रिकेट से संन्यास नहीं लेंगे। उन्होंने खुद इस बात का खुलासा किया है। दिग्गज खिलाड़ी ने बताया कि वह अभी संन्यास के विषय में नहीं सोच रहे हैं। वह खेल का लुत्फ उठा रहे हैं और उनके अंदर की ‘प्रतिस्पर्धात्मक प्रवृत्ति’ पूरी तरह बरकरार है। बता दें कि, हाल ही में समाप्त हुई चैंपियंस ट्रॉफी के बाद कयास लगाए जा रहे थे किंग कोहली वनडे से संन्यास का एलान कर देंगे। हालांकि, अब उन्होंने इन अफवाहों को खारिज कर दिया है।
चैंपियंस ट्रॉफी में शानदार फॉर्म में थे कोहली
कोहली चैंपियंस ट्रॉफी के दौरान शानदार फॉर्म में नजर आए थे और उन्होंने पांच मैचों में 54.50 के औसत से 218 रन बनाए थे जिसमें एक शतक और एक अर्धशतक शामिल है। उन्होंने बांग्लादेश के खिलाफ पहले मैच में अच्छा प्रदर्शन नहीं किया था, लेकिन पाकिस्तान के खिलाफ नाबाद शतक जड़कर भारत को जीत दिलाई थी। इसके बाद न्यूजीलैंड के खिलाफ ग्रुप चरण के आखिरी मैच में सस्ते में आउट हुए। कोहली ने फिर ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सेमीफाइनल मैच में 84 रन बनाए और भारत को खिताबी मैच में पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।
वनडे से संन्यास पर बात करते हुए अनुभवी बल्लेबाज ने कहा- ‘घबराइए मत। मैं कोई घोषणा नहीं कर रहा हूं। अभी तक सब कुछ ठीक है। मुझे अभी भी गेम खेलना पसंद है।’
द्रविड़ की ये सलाह आई काम
इस दौरान विराट ने बताया कि उन्होंने अपने संन्यास को लेकर पूर्व मुख्य कोच राहुल द्रविड़ से चर्चा की थी। उन्होंने कहा- ‘आप जानते हैं कि प्रतिस्पर्धी प्रवृत्ति आपको (रिटायरमेंट के सवाल का) जवाब खोजने की अनुमति नहीं देती है। इस बारे में मेरी राहुल द्रविड़ के साथ बहुत ही दिलचस्प बातचीत हुई। उन्होंने कहा कि आपको हमेशा खुद से जुड़े रहना चाहिए। अपने जीवन में आप कहां हैं, इसका पता लगाएं और इसका जवाब इतना आसान नहीं है। हो सकता है कि आप एक बुरे दौर से गुजर रहे हों और आपको लगे कि अब यही है। लेकिन ऐसा नहीं हो सकता। लेकिन फिर जब समय आएगा तो मेरी प्रतिस्पर्धी प्रवृत्ति मुझे इसे स्वीकार करने की अनुमति नहीं देगी। शायद एक और महीना।
आईपीएल में खेलते दिखेंगे कोहली
चैंपियंस ट्रॉफी के बाद अब दाएं हाथ के बल्लेबाज आईपीएल में खेलेंगे। वह शनिवार को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के कैंप से जुड़ गए। कोहली की नजरें अब आईपीएल में जलवा बिखेरने पर हैं। कोहली चाहेंगे कि चैंपियंस ट्रॉफी की फॉर्म आईपीएल में भी बरकरार रहे। कोहली आईपीएल इतिहास में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी हैं और उनकी नजरें ऑरेंज कैप के साथ ही पहली आईपीएल ट्रॉफी जीतने पर होगी।







