सतीश मुखिया/मथुरा: आज नगर निगम मथुरा-वृन्दावन के भूतेश्वर स्थित कार्यालय के सभागार में तम्बाकू उत्पाद नियंत्रण लाइसेंस उपविधि-2021 के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु एक कार्यशाला का आयोजन श्री अनुज कोशिक, सहायक नगर आयुक्त एवं श्री गोपाल गर्ग , नगर स्वास्थ्य अधिकारी की अध्यक्षता में किया गया। हम लोग देखते हैं कि टीवी और सोशल मीडिया में तंबाकू और गुटखा के बड़े-बड़े विज्ञापन आते हैं यह विज्ञापन कोई और नहीं करता हमारे आदर्श हीरो हीरोइन करते हैं जिनकी देखा देखी आज का युवा समाज तंबाकू और तंबाकू से बने हुए पदार्थ का सेवन खुले आम धड़ल्ले से कर रहा है।
सरकार ने विद्यालयों, मंदिरों, अस्पतालों और कॉलेज के बाहर तंबाकू बिक्री पर पूर्ण रूप से प्रतिबंध लगाया है लेकिन चट्टीनुमा, खोखा नुमा दुकान हमको मथुरा वृंदावन शहर में जगह-जगह मिल जाएगी और यह लोग नगर निगम मथुरा वृंदावन से बगैर लाइसेंस बिना तंबाकू से बने हुए पदार्थ की खुले आम बिक्री कर रहे हैं जिसको नगर निगम के अधिकारियों ने संज्ञान में लिया और कानून को शक्ति से लागू करने हेतु अपने अधीनस्थों को आदेश दिए।
इस मुद्दे पर डॉ गोपाल गर्ग नगर स्वास्थ्य अधिकारी से बात की गई तो उन्होंने बताया कि इन तम्बाकू के उत्पादों में ऐसे रसायन होते हैं जो आपके स्वास्थ्य के लिए हानिकारक हो सकते हैं। इन रसायनों को कैंसर, हृदय रोग और फेफड़ों की बीमारी से जोड़ा गया है और ये गर्भवती महिला में विकसित हो रहे भ्रूण को नुकसान पहुंचा सकते हैं।
तम्बाकू उत्पादों में निकोटीन भी शामिल है, चूँकि निकोटीन की लत लग जाती है, इसलिए आपको तम्बाकू छोड़ने में कठिनाई हो सकती है और आप इन रसायनों के संपर्क में बने रह सकते हैं। चबाने से कई तरह के कैंसर हो सकते हैं, जिसमें मुंह, जीभ, मसूड़े, पेट, ग्रासनली (गला) और मूत्राशय का कैंसर शामिल है। भारी मात्रा में तंबाकू का सेवन करने वालों को यह भी महसूस हो सकता है कि चबाने वाले तंबाकू की वजह से उनके दांत घिसने और दागदार होने लगे हैं, जिससे मसूड़े भी पीछे हट सकते हैं।
नियमित रूप से तंबाकू चबाने से दिल का दौरा पड़ने का जोखिम भी बढ़ जाता है, क्योंकि यह रक्तचाप और कोलेस्ट्रॉल के स्तर को बढ़ाने के लिए जाना जाता है। आज की पीढ़ी को जागरूक होने की जरूरत है और तंबाकू का सेवन नहीं करना है सरकार के द्वारा समय-समय पर जागरूकता अभियान चलाया जाता हैं लेकिन जब तक आप स्वयं पहल नहीं करेंगे तब तक आप इन व्यसन से दूर नहीं हो सकते।







