यूपी डेस्क: मेरठ: मेरठ के दौराला थाना क्षेत्र में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक 35 वर्षीय महिला ने अपने 16 वर्षीय नाबालिग भांजे के साथ अवैध संबंध स्थापित किए और उसे अपना पति बताते हुए उसके साथ रहने की जिद कर रही है।
मामले के अनुसार, नाबालिग लड़का अपनी मां की आर्थिक स्थिति ठीक न होने के कारण ढाई साल पहले दिल्ली में अपनी मामी और मामा के पास फ्रिज और एसी का काम सीखने गया था। इस दौरान महिला ने कथित तौर पर नाबालिग का यौन शोषण किया और उसके साथ अवैध संबंध बनाए। महिला के पति की तीन साल पहले मृत्यु हो चुकी है।
हाल ही में, जब नाबालिग अपने गांव दौराला लौटा, तो महिला भी पीछे-पीछे वहां पहुंच गई और पुलिस के सामने दावा किया कि नाबालिग अब उसका भांजा नहीं, बल्कि पति है। उसने कहा कि वह उसी के साथ रहेगी। दूसरी ओर, नाबालिग की मां ने पुलिस में शिकायत दर्ज की, जिसमें उन्होंने अपनी भाभी पर बेटे के यौन शोषण और उत्पीड़न का आरोप लगाया।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और नाबालिग की उम्र की पुष्टि के लिए आयु प्रमाण पत्र मांगा है। मेरठ के एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह के अनुसार, दस्तावेजों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। दोनों पक्षों से तहरीर प्राप्त हुई है और पुलिस मामले की गंभीरता को देखते हुए उलझन में है। यह मामला इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है।







