मध्य प्रदेश, उमरिया (पहल टाइम्स)। मानपुर थाना क्षेत्र में आग से झुलसने के बाद युवक की मौत का मामला प्रकाश में आया है। मृतक के परिजनों ने पुलिस अधीक्षक को शिकायत सौंपकर कुछ लोगों पर पेट्रोल डालकर आग लगाने का आरोप लगाया है, और निष्पक्ष जांच के साथ कठोर कार्रवाई की मांग की है।
यह है मामला
परिजनों के अनुसार, 16 जुलाई की रात करीब 11 बजे कृष्ण कुमार केवट गंभीर रूप से आग से झुलस गए। मृतक मझौली गांव का है। उन्हें पहले शहडोल मेडिकल कॉलेज, फिर जबलपुर और बाद में बिलासपुर रेफर किया गया। उपचार के दौरान 21 जुलाई 2026 को उनकी मौत हो गई। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि घटना में कुछ लोगों की संलिप्तता है और मृतक ने उपचार के दौरान दिए गए अपने बयान में भी घटना का उल्लेख किया था। परिजनों का यह भी कहना है कि मामले में अब तक अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई है। जबकि पुलिस द्वारा धमकाने का आरोप लगाते हुए वीडियो फुटेज डिलीट करने के दबाव का आरोप भी लगाया गया है।
परिजनों की मांग
परिजनों ने पुलिस अधीक्षक से शिकायत कर आरोपितों के विरुद्ध निष्पक्ष जांच कर सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। साथ ही मामले में सभी उपलब्ध साक्ष्यों और मृतक के बयान को आधार बनाकर कार्रवाई करने की अपील की है।
इनका कहना है –
आग लगने की बात सामने आई है। मर्ग जांच अभी जारी है। मृतक के डीडी(मृत्यु पूर्व बयान) लिए गए हैं। जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
आलोक शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, उमरिया







