नई दिल्ली। दिल्ली यूनिवर्सिटी ने 2025-26 बैच के ग्रेजुएशन स्टूडेंट्स को बड़ी खुशखबरी दी है. अब छात्रों को एग्जाम पास करने के लिए 44 में से 28 क्रेडिट पूरे करना अनिवार्य नहीं होगा. DU ने इस बैच के लिए 28 क्रेडिट की शर्त पर रियायत दी है. अब अगर किसी छात्र के 28 क्रेडिट पूरे नहीं हो पाते हैं तो भी वो परीक्षा में पास समझा जाएगा. दिल्ली यूनिवर्सिटी ने सिर्फ 2025-26 ग्रेजुएशन बैच के लिए ये छूट दी है.
क्या है नियम?
नेशनल एजुकेशन पॉलिसी (NEP) के तहत लागू UGCF-2022 के क्रेडिट सिस्टम में एक साल के दौरान छात्रों को कुल 44 क्रेडिट मिलते हैं. इसके तहत अगले साल परीक्षा पास करने के लिए छात्रों को कम से कम 28 क्रेडिट लाना जरूरी है. अगर किसी छात्र को 28 से कम क्रेडिट मिलता है, तो उसे अगले साल प्रमोट होने में कुछ मुश्किल हो सकती है. लेकिन 2025-26 के बैच के लिए छूट दी गई है. नोटिफिकेशन में कहा गया है कि पहले जारी किए गए नोटिफिकेशन्स के बाकी सभी नियम वैसे ही रहेंगे.
DU टीचर्स ने उठाए सवाल
दिल्ली यूनिवर्सिटी के शिक्षकों ने इस फैसले के आधार और समय पर सवाल उठाए हैं, खासकर इसलिए क्योंकि छात्र पहले ही अपने तीसरे सेमेस्टर में पहुंच चुके हैं. दिल्ली यूनिवर्सिटी टीचर्स फेडरेशन (DTF) की सेक्रेटरी और मिरांडा हाउस की एसोसिएट प्रोफेसर आभा देव हबीब ने सवाल किया कि पास होने के नियमों में बदलाव क्यों किया गया. उनका कहना है कि आखिर ऐसी क्या मुश्किल आ गई थी, जिसकी वजह से ये फैसला लेना पड़ा.







