नई दिल्ली। कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के नेता अभिजीत दीपके , आशुतोष रांका और सौरभ दास को रविवार को रिहा कर दिया गया। जंतर मंतर प्रदर्शन से पहले दिल्ली एयरपोर्ट पर हिरासत में लिए जाने के बाद वे एहतियातन गिरफ्तारी में थे। रविवार को उन्हें एग्जीक्युटिव मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया गया, जिसके बाद उन्हें छोड़ा गया।
CJP की लीगल अफेयर्स प्रमुख रत्ना सिंह ने बताया कि तीनों नेताओं को इस शर्त पर रिहा किया गया है कि वे एक साल तक ‘शांति भंग’ नहीं करेंगे। तीनों नेताओं ने कोर्ट के सामने तो बात मान ली है लेकिन इसके खिलाफ अपील दायर कर सकते हैं। जंतर मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी ने प्रदर्शन बुलाया है, पुलिस ने इजाजत नहीं दी है।
पुलिस ने क्या कहा था?
रविवार सुबह पुलिस ने बताया था कि CJP नेताओं को उनकी फ्लाइट के राजधानी में उतरने के बाद दिल्ली पुलिस ने हिरासत में लिया था। इसके बाद उन्हें एहतियातन गिरफ्तार किया गया। पुलिस के मुताबिक उन्हें दिल्ली कैंट पुलिस स्टेशन में कार्यकारी मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया जाना था।







