नई दिल्ली: उत्तराखंड के हरिद्वार में 2027 में होने वाले अर्धकुंभ की तैयारियां शुरू हो गई हैं. इस दौरान गंगा नदी को साफ रखने और उसमें बहकर आने वाले कचरे को रोकने के लिए खास तकनीक का इस्तेमाल किया जाएगा. इसके तहत गंगा नदी में ‘ट्रैश बूम इंटरसेप्टर’ लगाया जाएगा. यह एक ऐसा सिस्टम है, जो नदी में फेंके जाने वाले फूल, कपड़े, प्लास्टिक और दूसरे ठोस कचरे को आगे बहने से रोकेगा. इसके लिए हरिद्वार के अमरापुर घाट और जटवाड़ा घाट को चुना गया है.
हरिद्वार नगर निगम ने इस योजना को जमीन पर उतारने की तैयारी शुरू कर दी है. नगर निगम आयुक्त नंदन कुमार के मुताबिक, ट्रैश बूम इंटरसेप्टर लगाने के लिए टेंडर जारी कर दिया गया है. उम्मीद है कि 2027 में होने वाले अर्धकुंभ से पहले इसका काम शुरू हो जाएगा. यह एक स्थायी व्यवस्था होगी, जिससे गंगा में कचरे को रोकने और उसकी सफाई करने में मदद मिलेगी.
कैसे काम करेगा ट्रैश बूम इंटरसेप्टर?
ट्रैश बूम इंटरसेप्टर नदी में लगाया जाने वाला एक तैरता हुआ अवरोधक है. इसे नदी या नहर के आर-पार लगाया जाता है. जब पानी के साथ फूल, कपड़े, प्लास्टिक और अन्य ठोस कचरा बहकर आता है तो यह सिस्टम उसे आगे जाने से रोक लेता है. इसके बाद कचरे को नदी के एक किनारे की तरफ इकट्ठा किया जाता है. वहां से इसे कन्वेयर बेल्ट की मदद से बाहर निकाल लिया जाता है. इस तरह कचरा नदी में आगे नहीं फैलता और उसे आसानी से हटाया जा सकता है.
ऊपरी गंग नहर से निकला 100 मीट्रिक टन से ज्यादा कचरा
गंगा और उसकी सहायक नहरों में कचरे की समस्या कितनी गंभीर है, इसका अंदाजा हाल ही में हुई सफाई से लगाया जा सकता है. दशहरा से दिवाली तक ऊपरी गंग नहर को मरम्मत और रखरखाव के लिए 18 दिनों तक बंद रखा गया था. इस दौरान नहर से 100 मीट्रिक टन से अधिक कचरा निकाला गया. अधिकारियों के मुताबिक, नहर में बड़ी मात्रा में ठोस कचरा जमा था.
जलविद्युत परियोजनाओं में पहले से हो रहा इस्तेमाल
अधिकारियों ने बताया कि ट्रैश बूम इंटरसेप्टर तकनीक का इस्तेमाल उत्तराखंड की जलविद्युत परियोजनाओं में पहले से किया जा रहा है. अब पहली बार इसे सीधे गंगा नदी में लगाने की तैयारी है. इससे अर्धकुंभ के दौरान लाखों श्रद्धालुओं की आवाजाही के बीच गंगा को साफ रखने में मदद मिलेगी.
जिला प्रशासन ने लोगों से भी अपील की है कि वे पुराने कपड़े, पूजा सामग्री, फूल और अन्य कचरा गंगा में न फेंकें. इसके बजाय निर्धारित स्थानों पर ही कचरा जमा करें. प्रशासन का कहना है कि गंगा की स्वच्छता और पवित्रता बनाए रखना केवल सरकारी विभागों की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें आम लोगों की भागीदारी भी जरूरी है.







