नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने हैदराबाद में आयोजित भारत शिखर सम्मेलन को लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी की आलोचना की और उन पर ‘भारत विरोधी ताकतों’ को मंच मुहैया कराने, देश को बदनाम करने और अस्थिरता पैदा करने की साजिश रचने का आरोप लगाया है।
नई दिल्ली में भाजपा मुख्यालय में संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए पार्टी प्रवक्ता गौरव भाटिया ने कहा कि 14 नवंबर को आयोजित शिखर सम्मेलन को विपक्ष के नेता द्वारा आयोजित ”भारत विरोधी शिखर सम्मेलन” कहना ज्यादा उचित होगा। उन्होंने कहा, ”राहुल गांधी भारत विरोधी ताकतों को एकजुट करने में लगे हुए हैं। शायद ही कोई ऐसा मंच हो जहां वह भारत को बदनाम करने, अराजकता फैलाने और देश में अस्थिरता लाने की साजिश न रचते हों।”
इतालवी नेता और ‘पार्टी ऑफ यूरोपियन सोशलिस्ट’ के महासचिव गियाकोमो फिलिबेक की शिखर सम्मेलन में भागीदारी का जिक्र करते हुए भाटिया ने कहा कि उन्हें मंच प्रदान किया गया, जहां से उन्होंने ”वोट चोर, गद्दी छोड़” का नारा लगाया। उन्होंने आरोप लगाया कि गांधी भारत में इसी तरह के बयान देते हैं। वहीं, अब एक विदेशी नागरिक भारतीय मंच से भारतीय जनादेश का मजाक उड़ा रहा है।
उन्होंने गांधी की आलोचना करते हुए उन्हें ”अराजक, अपरिपक्व, अंशकालिक और राष्ट्रविरोधी” नेता प्रतिपक्ष बताया और कहा कि उनका इस पद पर होना देश के लिए दुर्भाग्य की बात है। भाटिया ने यह भी आरोप लगाया कि गांधी ने फिलिबेक की टिप्पणियों पर आपत्ति नहीं जताई और न ही उन्हें यह याद दिलाया कि भारत के आंतरिक मामलों पर विदेशियों को चर्चा नहीं करनी चाहिए। उन्होंने दावा किया कि इसके बजाय, टिप्पणियों के दौरान गांधी ताली बजाते और मुस्कुराते नजर आए।
गहरी पीड़ा और शर्मिंदगी महसूस हुई
उन्होंने सवाल किया, ”जब भारतीय नागरिकों ने यह वीडियो देखा, तो उन्हें गहरी पीड़ा और शर्मिंदगी महसूस हुई। भारत की संप्रभुता और लोकतांत्रिक व्यवस्था से जुड़ी टिप्पणियों पर नेता प्रतिपक्ष ताली कैसे बजा सकते हैं, हंस कैसे सकते हैं और खुश कैसे नजर आ सकते हैं?” भाटिया ने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने जनता की भावनाओं को बखूबी व्यक्त करते हुए कहा कि गांधी की बार-बार चुनावी हार ने उन्हें निराश कर दिया है।
उन्होंने कहा, ”राहुल, बार-बार चुनाव हारने के बाद नरेन्द्र मोदी के प्रति नफरत की लहर में बह रहे हैं। उन्होंने अपनी पार्टी को 99 चुनावों में हार दिलाई है। यही उनकी निराशा है।” भाटिया ने आरोप लगाते हुए कहा, ”मंच चाहे कोई भी हो, विदेशियों को आमंत्रित करो, उनसे भारत के खिलाफ बयान दिलवाओ और इसे अपनी उपलब्धि मानो।”
गांधी का एजेंडा देश को बदनाम करना
उन्होंने कहा कि गांधी का एजेंडा देश को बदनाम करना है। उन्होंने कहा कि भाजपा शासित राज्यों में आयोजित निवेश शिखर सम्मेलन विदेशी निवेशकों और विचारकों को निवेश के अवसरों पर चर्चा करने तथा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत की मजबूत अर्थव्यवस्था और स्थिर वातावरण की सराहना करने के लिए एक मंच प्रदान करते हैं।
उन्होंने आरोप लगाया, ”दुर्भाग्य से जब बात कांग्रेस शासित राज्य की आती है तो भारत के हित हाशिए पर चले जाते हैं। जिस मंच का इस्तेमाल भारत और तेलंगाना को मजबूत करने के लिए किया जाना चाहिए था, उसका इस्तेमाल भारत को कमजोर करने, नरेन्द्र मोदी के खिलाफ नफरत फैलाने और देश में अस्थिरता पैदा करने के लिए किया जा रहा है।”
आयोजन सरकारी धन से किया गया
भारत शिखर सम्मेलन पर हुए खर्च को लेकर सवाल उठाते हुए भाटिया ने दावा किया कि तेलंगाना सरकार की वेबसाइट के अनुसार, इस कार्यक्रम का आयोजन सरकारी धन से किया गया था। उन्होंने सवाल किया, ”हम जानना चाहते हैं कि भारत की आलोचना करने वाले एक कार्यक्रम पर जनता का कितना पैसा खर्च किया गया। चूंकि आप इस कार्यक्रम के आयोजन का श्रेय ले रहे हैं इसलिए यह भी बताएं कि कांग्रेस पार्टी ने इस पर कितना खर्च किया। क्या आप भारत की लोकतांत्रिक व्यवस्था के खिलाफ टिप्पणियां करने के लिए लोगों को आमंत्रित करने पर करदाताओं का पैसा खर्च कर रहे हैं?”
वक्ताओं के चयन पर भी सवाल
उन्होंने शिखर सम्मेलन में वक्ताओं के चयन पर भी सवाल उठाया और आरोप लगाया कि कांग्रेस तथा तेलंगाना सरकार ने फिलिबेक को आमंत्रित करने से पहले उनकी पृष्ठभूमि की पर्याप्त जांच नहीं की थी। भाटिया ने गांधी से यह स्पष्ट करने को कहा कि क्या वह फिलिबेक की टिप्पणियों का समर्थन करते हैं और क्या उनका मानना है कि चुनाव जीतने में विदेशी ताकतों को कांग्रेस की मदद करनी चाहिए। उन्होंने कहा, ”भारत में सरकार कौन बनाएगा, इसका फैसला मतदाता करेंगे।
भारत का लोकतंत्र किसी विदेशी व्यक्ति या नेता की मंजूरी अथवा स्वीकार्यता पर निर्भर नहीं है।” गांधी की बार-बार होने वाली विदेश यात्राओं पर सवाल उठाते हुए भाटिया ने कहा कि उन्हें इसके बजाय भारत के गांवों और शहरों का दौरा करना चाहिए तथा लोगों से बातचीत कर यह समझना चाहिए कि वे भाजपा का समर्थन क्यों करते हैं।
राहुल को गांवों और शहरों का दौरा करना चाहिए
उन्होंने कहा, ”कांग्रेस पार्टी 99 चुनाव हार चुकी है लेकिन कोई आत्ममंथन नहीं होता। राहुल गांधी को थाईलैंड, वियतनाम, कोलंबिया, अमेरिका और ब्रिटेन की विदेश यात्राएं कम करके भारत के गांवों और शहरों का दौरा करना चाहिए। यदि वह भारतीय नागरिकों से बातचीत करेंगे, तो उन्हें समझ आएगा कि 140 करोड़ भारतीय लगातार भाजपा को आशीर्वाद क्यों दे रहे हैं।” भारत में लोकतंत्र को मजबूत बताते हुए भाटिया ने कहा कि यह आगे भी फलता-फूलता रहेगा।
भाटिया ने गांधी की उस पुरानी टिप्पणी का जिक्र किया जिसमें उन्होंने कहा था कि ”भारत में लोकतंत्र मर चुका है।” भाटिया ने कहा, ”अगर कुछ मरा है, तो वह राहुल गांधी का दिमाग है। दिमागी रूप से मृत राहुल गांधी एक मूर्ख बच्चे के इशारे पर चलने वाला टूलकिट हैं।” उन्होंने कहा, ”राहुल गांधी को खुद से यह सवाल पूछना चाहिए कि जब कोई विदेशी व्यक्ति भारत की धरती पर देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था के खिलाफ बयान देता है, तो क्या यह हमारे देश की संप्रभुता का उल्लंघन नहीं है?”
जॉर्ज सोरोस, जाकिर नाइक का भी जिक्र
भाटिया ने जॉर्ज सोरोस, जाकिर नाइक, अमेरिकी नेता इल्हान उमर, ब्रिटिश नेता जेरेमी कॉर्बिन और प्रोग्रेसिव इंटरनेशनल का भी जिक्र किया। उन्होंने आरोप लगाया कि गांधी भारत के हितों के खिलाफ काम करने वाली ताकतों के साथ जुड़े हुए हैं। उन्होंने आरोप लगाया, “यह कहना गलत नहीं होगा कि राहुल गांधी भारत के मीर जाफर बन गए हैं। वह हमारे लोकतंत्र की स्थिरता, प्रगति और मजबूत लोकतांत्रिक मूल्यों से नफरत करते हैं और इसलिए भारत के दुश्मनों के साथ पूरी तरह से जुड़े हुए हैं।”
उन्होंने गांधी को ”असफल छात्र” भी बताया और संसद में उनके प्रदर्शन पर सवाल उठाते हुए पिछली तीन लोकसभाओं में उनकी उपस्थिति क्रमशः 43 प्रतिशत, 52 प्रतिशत और 51 प्रतिशत रहने का दावा किया। भाटिया ने कांग्रेस को राजनीतिक विनाश की ओर बढ़ने वाली पार्टी भी बताया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के भीतर के नेता एकमत नहीं हैं और गांधी द्वारा अपनाए जा रहे ”भारत विरोधी तरीकों और रणनीतियों” का समर्थन नहीं करते हैं।







