नई दिल्ली। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार को महाराष्ट्र के पुणे में कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 12 साल के कार्यकाल को भ्रष्टाचार से मुक्त बताया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के 10 साल के शासन में 12 लाख करोड़ रुपये के घोटाले और भ्रष्टाचार हुए, जबकि नरेंद्र मोदी के प्रधानमंत्री बनने के बाद 12 साल में उन पर 4 आने के भ्रष्टाचार का भी आरोप नहीं लगा। शाह ने कहा कि देश की जनता ने कांग्रेस को सत्ता से बाहर कर नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री बनाया।
अमित शाह ने कांग्रेस पर लगातार तीन लोकसभा चुनाव हारने के बाद अपनी निराशा अलग-अलग तरीकों से जाहिर करने का आरोप भी लगाया। शाह ने कहा कि चुनाव में हार और जीत किसी पार्टी के नेताओं के प्रदर्शन पर निर्भर करती है। कांग्रेस को देश की जनता ने 10 साल तक शासन करने का मौका दिया था, लेकिन उसके कार्यकाल में बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार हुआ।
शाह ने लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी को भी निशाने पर लिया। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत को बदनाम करने से कांग्रेस को सत्ता नहीं मिलने वाली है। अगर राहुल गांधी सत्ता में आना चाहते हैं तो उन्हें विदेश यात्राएं छोड़कर देश के गांवों में जाना चाहिए और आम लोगों से जुड़ना चाहिए।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं को शाह दी सलाह
गृह मंत्री शाह ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं को सलाह देते हुए कहा कि अगर वे राहुल गांधी के इसी रास्ते पर चलते रहे तो अगले 30 साल तक भी उनकी सत्ता में वापसी नहीं होगी। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी अंतरराष्ट्रीय मंचों पर प्रधानमंत्री मोदी के साथ-साथ भारत की विकास यात्रा को भी बदनाम करने की कोशिश कर रहे हैं, जबकि दुनिया प्रधानमंत्री के नेतृत्व की तारीफ कर रही है।
भारत समिट 2026 को लेकर साधा निशाना
अमित शाह ने हैदराबाद में हाल ही में हुए ‘भारत समिट 2026’ को लेकर भी कांग्रेस पर हमला किया। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने इस कार्यक्रम में देश और विदेश से वामपंथी विचारधारा के समर्थकों को बुलाया था। राहुल गांधी भी इस कार्यक्रम में शामिल हुए और अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में भारत विरोधी विचार रखकर देश की छवि खराब करने का काम किया।
शाह के ये बयान ऐसे समय आए हैं, जब शनिवार को हैदराबाद में आयोजित भारत समिट के दौरान राहुल गांधी ने केंद्र सरकार और देश की चुनाव प्रक्रिया पर सवाल उठाए थे। उन्होंने आरोप लगाया कि 2014 में भारत का लोकतंत्र खत्म कर दिया गया और उस साल देश में चुनाव का तरीका पूरी तरह बदल गया।







