मध्य प्रदेश, उमरिया (पहल टाइम्स)। जिले के जनपद पंचायत करकेली की ग्राम पंचायत पूंछी में पदस्थ रहे तत्कालीन सचिव नत्थू सिंह पर प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने के नाम पर रिश्वत लेने का आरोप प्रकाश में आया है। शिकायतकर्ता दीपचंद साहू, निवासी ग्राम भोड़सा, का कहना है कि पीएम आवास स्वीकृत कराने के एवज में बीस हजार रुपये की मांग की गई थी।
उनका कहना है कि तत्कालीन सचिव द्वारा कैलाश राय नामक व्यक्ति को रखकर वसूली कराया गया है। पी एम आवास स्वीकृत कराने के एवज में बीस हजार रुपये की मांग की गई थी, जिसमें15 हजार रूपये नकद और 5 हजार रूपये कैलाश राय के फोनपे खाते में मंगवाए थे।
शिकायतकर्ता के अनुसार, हाल ही में जारी प्रधानमंत्री आवास योजना की नई सूची में भी उसका नाम शामिल नहीं किया गया। इससे नाराज होकर उसने फिर से मामले को उठाया और आरोप लगाया कि पैसे लेने के बावजूद उसे योजना का लाभ नहीं मिला।
वहीं, इस मामले में पूर्व सचिव नत्थू सिंह का कहना है कि वे अप्रैल माह में सेवानिवृत्त हो चुके हैं। उनका कहना है कि उन्हें इस मामले की जानकारी मिली है और जो राशि ली गई थी, वह वापस करा दी गई है। लेकिन शिकायतकर्ता का कहना है कि फ़िलहाल कोई राशि वापस नहीं की गई है। यदि ऐसा है, यह गंभीर विषय जांच का मामला है।
गौरतलब है कि इस मामले को लेकर पहले भी लिखित शिकायत की जा चुकी थी, जिसमें आवास स्वीकृत कराने के नाम पर बीस हजार लेने का आरोप लगाया गया था। शिकायतकर्ता एक बार पुनः जिला प्रशासन के पास पहुंचा है।
अब देखना होगा कि संबंधित विभाग शिकायतकर्ता के आरोपों की जांच कर क्या कार्रवाई करता है, और यदि शिकायत सही पाई जाती है तो जिम्मेदारों पर क्या कदम उठाए जाते हैं।







