नोएडा। प्याज की बढ़ती खुदरा कीमतों से आम उपभोक्ताओं को राहत देने के उद्देश्य से भारतीय राष्ट्रीय उपभोक्ता सहकारी संघ (NCCF) ने नोएडा में बफर स्टॉक के प्याज की रियायती दर पर सीधी खुदरा बिक्री शुरू कर दी है। उपभोक्ताओं को प्याज ₹35 प्रति किलोग्राम की दर से उपलब्ध कराया जा रहा है। NCCF के इस बाजार हस्तक्षेप का उद्देश्य प्याज की उपलब्धता बढ़ाने के साथ-साथ स्थानीय बाजार में कीमतों को नियंत्रित करने और उपभोक्ताओं को उचित दर पर प्याज उपलब्ध कराना है।

उत्तर प्रदेश में इस अभियान की शुरुआत नोएडा से की गई है। इसके तहत शहर के प्रमुख आवागमन केंद्रों, आवासीय इलाकों और व्यस्त व्यापारिक क्षेत्रों में NCCF की विशेष मोबाइल वैन पहुंचाई जा रही हैं। इन मोबाइल वैन के माध्यम से उपभोक्ताओं को सीधे रियायती दर पर प्याज उपलब्ध कराया जा रहा है।
NCCF की योजना नोएडा के साथ-साथ आसपास के प्रमुख क्षेत्रों तक भी मोबाइल वैन के माध्यम से पहुंच बनाने की है। इसके लिए सेक्टर-18, सेक्टर-62, नोएडा मोड़, सेक्टर-4, सेक्टर-9 और सेक्टर-15 सहित कई प्रमुख स्थानों को अभियान में शामिल किया गया है। इसके अलावा वैशाली, वसुंधरा, मोहन नगर, इंदिरापुरम, गाजियाबाद और लोनी जैसे क्षेत्रों में भी मोबाइल वैन के माध्यम से प्याज की बिक्री की जा रही है।
NCCF के शाखा प्रबंधक शक्ति सिंह और नोडल अधिकारी सुमित कुमार ने बताया कि उपभोक्ताओं को उचित और रियायती दर पर प्याज उपलब्ध कराने के लिए मोबाइल वैन के जरिए अधिक से अधिक क्षेत्रों को कवर किया जा रहा है। अधिकारियों के मुताबिक अभियान का उद्देश्य उन इलाकों तक भी पहुंच बनाना है, जहां बड़ी संख्या में लोग रोजमर्रा की जरूरतों के लिए खुदरा बाजार पर निर्भर हैं।
अधिकारियों ने बताया कि नोएडा में अभियान की शुरुआत के बाद इसे उत्तर प्रदेश के अन्य शहरों तक भी विस्तार दिया जाएगा। जल्द ही रामपुर, मुरादाबाद, मेरठ और सहारनपुर में भी रियायती दर पर प्याज की बिक्री के लिए मोबाइल वैन का संचालन शुरू किए जाने की योजना है। इससे इन क्षेत्रों के उपभोक्ताओं को भी बाजार की कीमतों के मुकाबले राहत मिल सकेगी।
NCCF आने वाले दिनों में उत्तर प्रदेश में अपने मोबाइल वैन नेटवर्क का विस्तार करने की तैयारी में है। अभियान के दौरान उपभोक्ताओं को अपने क्षेत्र में मोबाइल वैन की उपलब्धता और उसके ठहराव की जानकारी आसानी से मिल सके, इसके लिए NCCF के आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल पर दैनिक लोकेशन और रूट संबंधी अपडेट साझा किए जाएंगे।
बाजार में प्याज की कीमतों में उतार-चढ़ाव के बीच NCCF की यह पहल उपभोक्ताओं के लिए राहत देने वाली मानी जा रही है। सीधे खुदरा बिक्री के माध्यम से उपभोक्ताओं तक रियायती प्याज पहुंचाने का उद्देश्य बाजार में उपलब्धता बनाए रखना और बढ़ती कीमतों के दबाव को कम करना है। आने वाले दिनों में इस अभियान का दायरा बढ़ने के साथ अधिक उपभोक्ताओं को इसका लाभ मिलने की उम्मीद है।







