बरेली: दिवाली के त्योहार पर सभी को गिफ्ट का बेसब्री से इंतजार रहता है। सरकारी कर्मचारियों को योगी सरकार की तरफ से गिफ्ट दिया जा चुका है, अब किसानों को भी दिवाली का तोहफा दिया गया है। यूपी के 54 किसान ऐसे हैं जिनके खाते में 97 लाख रुपये ट्रांसफर किए गए हैं। ये पैसे सोमवार को उनके खाते में आ भी जाएंगे, जिससे इन किसानों की दिवाली अच्छे से मन सकेगी। दरअसल बरेली-सितारगंज फोरलेन पैकेज-1 में 2932 किसानों की 74 हेक्टेयर जमीन का अधिग्रहण किया गया है। 243 करोड़ का मुआवजा किसानों को बांटा जाना है। करीब 217 करोड़ का मुआवजा बांटा जा चुका है। दो महीने पहले फोरलेन परियोजना की जांच शुरू हो गई। जांच में गड़बड़ी भी सामने आ गई। कई अधिकारी-कर्मचारियों को दोषी करार दिया गया।
जांच की वजह से मुआवजा वितरण की प्रक्रिया को रोक दिया गया। फोरलेन में जमीन देने वाले किसानों ने मुआवजे के भुगतान के लिए एसएलएओ ऑफिस के चक्कर काटने शुरू कर दिए। एसएलएओ आशीष कुमार ने बगैर किसी विवाद वाली जमीनों के मुआवजे का वितरण करने का फैसला किया। किसानों की जरूरतों को देखते हुए 54 किसानों के खातों में 97 लाख की रकम ट्रांसफर कर दी गई। एसएलओ आशीष कुमार ने बताया कि बरेली-सितारगंज फोरलेन पैकेज-1 का करीब 90 फीसदी मुआवजे का भुगतान कर दिया गया है। दीवाली के पर्व को देखते हुए बाकी 54 किसानों के खातों में मुआवजे की रकम ट्रांसफर कर दी गई। सोमवार को मुआवजा उनके बैंक खातों में पहुंच जाएगा।
कोर्ट केस वाली जमीनों के मुआवजे का भुगतान रुका
बरेली-सतारगंज पैकेज-1 का करीब 90 फीसदी मुआवजे का वितरण कर दिया गया है। सिर्फ उन अधिग्रहीत जमीनों का मुआवजा के भुगतान को रोका गया है जिनका विवाद कोर्ट में है। कोर्ट से मामले में फैसला आने के बाद आगे का निर्णय विभाग लेगा।







