प्रकाश मेहरा
एग्जीक्यूटिव एडिटर
नई दिल्ली। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को लेकर उनके खिलाफ पारित प्रस्ताव का समर्थन करने वाले सांसदों पर तीखा हमला बोला है। ट्रंप ने ऐसे सांसदों की आलोचना करते हुए कहा कि उनका रुख देशहित और देशभक्ति की भावना के अनुरूप नहीं है।
बुधवार को अमेरिकी हाउस ऑफ रिप्रेज़ेंटेटिव्स ने एक प्रस्ताव पारित किया, जिसका उद्देश्य राष्ट्रपति ट्रंप को ईरान के खिलाफ किसी भी नई सैन्य कार्रवाई से रोकना है। प्रस्ताव के पक्ष में सभी डेमोक्रेट सांसदों के साथ कुछ रिपब्लिकन सांसदों ने भी मतदान किया।
ट्रंप का ट्रुथ सोशल मीडिया पर प्रतिक्रिया
प्रस्ताव पारित होने के बाद ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर प्रतिक्रिया देते हुए लिखा कि सदन ने एक “निरर्थक मतदान” किया है। उन्होंने कहा कि जब ईरान के साथ युद्ध समाप्त करने के लिए अंतिम दौर की बातचीत जारी है, ऐसे समय में उनकी युद्ध संबंधी शक्तियों को सीमित करने का प्रयास देशहित के खिलाफ है।
ट्रंप ने अपने संदेश में लिखा, “चार रिपब्लिकन और सभी डेमोक्रेट्स ने मिलकर मेरी युद्ध संबंधी शक्तियों को सीमित करने के पक्ष में मतदान किया। ऐसा देशहित के खिलाफ काम कौन करेगा?”
प्रस्ताव की कानूनी स्थिति और प्रभाव
हालांकि, फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि “हाउस ऑफ रिप्रेज़ेंटिव्स द्वारा पारित इस प्रस्ताव की कानूनी स्थिति और प्रभाव कितना होगा। व्हाइट हाउस ने इस प्रस्ताव के महत्व को कमतर बताते हुए इसे राष्ट्रपति के संवैधानिक अधिकारों को सीमित करने की कोशिश बताया है।
व्हाइट हाउस का कहना है कि यह कदम राष्ट्रपति की शक्तियों पर अंकुश लगाने का एक असंवैधानिक प्रयास है और इससे राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े निर्णयों पर अनावश्यक प्रभाव पड़ सकता है।







