प्रकाश मेहरा
एग्जीक्यूटिव एडिटर
लंदन। ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर ने एक बड़ा और कड़ा फैसला लेते हुए देश में 16 साल से कम उम्र के बच्चों के लिए सोशल मीडिया इस्तेमाल पर प्रतिबंध लगाने की घोषणा की है। सरकार का कहना है कि “यह कदम बच्चों की सुरक्षा और मानसिक स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए उठाया गया है।”
सोशल मीडिया के हानिकारक प्रभाव
प्रधानमंत्री स्टार्मर ने कहा कि “बच्चों को सोशल मीडिया के हानिकारक प्रभावों से बचाना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा, “पूर्ण प्रतिबंध ही सही विकल्प है। बच्चों की सुरक्षा और खुशी के मामले में कोई समझौता नहीं किया जाएगा।” उन्होंने यह भी संकेत दिया कि सरकार इस नीति को जल्द लागू करने की दिशा में काम कर रही है।
कब से लागू होगा प्रतिबंध?
सरकारी योजना के अनुसार यह प्रतिबंध 2027 की शुरुआत से लागू किया जाएगा। सरकार का लक्ष्य है कि “क्रिसमस से पहले इसके लिए आवश्यक कानून संसद से पारित करा लिए जाएं, ताकि समय पर इसे लागू किया जा सके।”
कौन-कौन से प्लेटफॉर्म होंगे शामिल?
ब्रिटिश सरकार के बयान के अनुसार इस प्रतिबंध के दायरे में कई प्रमुख सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म आएंगे, जिनमें शामिल हैं: TikTok, Snapchat, YouTube, Instagram, Facebook, X (पूर्व में Twitter), Reddit और Threads आएंगे। हालांकि, सरकार ने यह स्पष्ट किया है कि “कुछ मैसेजिंग ऐप्स को इस प्रतिबंध से बाहर रखा जाएगा, जिनमें शामिल हैं : व्हाट्सप्प, सिग्नल।
प्रतिबंध लगाने वाला दुनिया का पहला देश
इस तरह के कड़े कदमों में ब्रिटेन अकेला देश नहीं है। पिछले साल दिसंबर में ऑस्ट्रेलिया ने भी इसी तरह का नियम लागू किया था, और वह 16 साल से कम उम्र के बच्चों के सोशल मीडिया उपयोग पर प्रतिबंध लगाने वाला दुनिया का पहला देश बना था।
ब्रिटेन का यह फैसला बच्चों की ऑनलाइन सुरक्षा को लेकर बढ़ती वैश्विक चिंता को दर्शाता है। हालांकि, इस कदम के प्रभाव, इसके क्रियान्वयन और डिजिटल स्वतंत्रता पर इसके असर को लेकर आने वाले समय में व्यापक बहस होने की संभावना है।






