नई दिल्ली : आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि कई हजार और कच्चे कर्मचारी हैं, उनको भी पक्का किया जाएगा। 10-15 सालों से ये शिक्षक धरना-प्रदर्शन करके तंग आ चुके थे। पूरे देश में एक हवा चल रही है कि सरकारी नौकरियां खत्म कर उनकी जगह कच्चे कर्मचारियों को लगाओ। कहा जाता है कि पक्के कर्मचारी काम नहीं करते हैं। वे कामचोर होते हैं, यह बिल्कुल गलत धारणा है। दिल्ली में उन्हीं पक्के शिक्षकों और डॉक्टरों ने शिक्षा व स्वास्थ्य क्षेत्र में क्रांति करके दिखाया है। कच्चे कर्मचारियों के बेइंतहा शोषण को खत्म करने का अब समय आ गया है। पंजाब से निकली यह हवा अब पूरे देश में फैलेगी। मैं केंद्र समेत सभी राज्य सरकारों से अपील करता हूं कि पंजाब सरकार की तरह वे भी अपने कच्चे कर्मचारियों को पक्का करें। देश में जहां भी हमारी सरकार बनेगी। हम हर जगह कच्चे कर्मचारियों को पक्का कर उनको हक दिलाएंगे।
पंजाब में जितने भी कच्चे कर्मचारी हैं, उन सभी को पक्का किया जाएगा- केजरीवाल
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने शिक्षक दिवस के दिन (5 सितंबर को) एक बहुत ही महत्वपूर्ण ऐलान किया था, जो न केवल पंजाब के लिए, बल्कि पूरे देश की अर्थव्यवस्था के लिए काफी महत्वपूर्ण है। उन्होंने 8736 कच्चे शिक्षकों को पक्का करने का ऐलान किया था। देश में यह पहली बार हो रहा है। पूरे देश में एक हवा यह चल रही है कि सरकारी नौकरियां खत्म करो, सरकारी नौकरियों में भर्ती मत करो और उनकी जगह कच्चे लोगों को लगाओ। कच्चे में ही उन लोगों की पूरी जिंदगी बीत जाती है। पहली बार पूरे देश में सीएम भगवंत मान के नेतृत्व में आप की सरकार ने पंजाब में 8736 शिक्षकों को पक्का किया है। पंजाब में और भी कई हजार कच्चे कर्मचारी हैं। आप की सरकार उस पर भी काम कर रही है। जितने भी कच्चे कर्मचारी हैं। उन सभी को पक्का किया जाएगा। इनको पक्का करने में थोड़ा समय इसलिए लग रहा है, क्योंकि कानूनी रूप से ऐसा किया जाए।
सरकारी नौकरी पर पक्के कर्मचारी ही होने चाहिए – केजरीवाल
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि यह जो कर्मचारी ठेके पर रखे जाते हैं, ये कच्चे कर्मचारी हैं। ये कर्मचारी पदानुक्रम के मामले में सबसे नीचे आते हैं और सबसे गरीब होते हैं। इन कर्मचारियों का बेइंतहां शोषण किया जाता है। उस शोषण को अब खत्म करने का समय आ गया है। पंजाब से यह जो हवा निकली है, वो पूरे देश में फैलेगी। हम दिल्ली में भी करना चाहते थे। दिल्ली में हमने गेस्ट टीचर को पक्का करने के लिए विधानसभा में बिल भी लाए, लेकिन केंद्र सरकार ने उस बिल को मंजूरी नहीं दी। जैसा कि आप सभी जानते हैं कि दिल्ली आधा राज्य है। बहुत सारी शक्तियां हमारे पास नहीं है। हम चाह कर भी गेस्ट शिक्षकों को पक्का नहीं कर पाए, लेकिन जो पंजाब से चिंगारी निकली है कि सरकारी नौकरी पर पक्के कर्मचारी ही होने चाहिए, कच्चे कर्मचारियों का सिस्टम खत्म होना चाहिए, यह बिल्कुल शोषण करने वाला सिस्टम है, यह संदेश पूरे देश में जाएगा।
मैं देश भर की राज्य सरकारों से अपील करता हूं कि जैसे पंजाब सरकार ने कच्चे कर्मचारियों को पक्का किया, वैसे ही अन्य सरकारें भी अपने-अपने यहां कच्चे कर्मचारियों को पक्का करें। केंद्र सरकार भी जिस-जिस विभाग में जितने भी कच्चे कर्मचारी है, उन सबको पक्का करें। आम आदमी पार्टी की तरफ से मैं कहना चाहता हूं कि देश में जहां भी हमारी सरकार बनेगी, हम हर जगह कच्चे कर्मचारियों को पक्का करने के हक में हैं और उनको पक्का करेंगे और उनको उनका हक दिलाएंगे।







