नई दिल्ली। दिल्ली के बदरपुर थाना इलाके में स्थित गौतमपुरी में दो गुटों में चाकूबाजी और पत्थरबाजी की घटना सामने आई है पुलिस ने बताया कि आज सुबह करीब साढ़े दस बजे गौतमपुरी में पथराव और झगड़े के संबंध में पीसीआर कॉल मिली थी, जिसमें कॉलर ने बताया कि बी- 238 गौतमपुरी, फेज-2 बदरपुर में झगड़ा हो रहा है, चाकू तलवार लेके आ गए हैं।
मौके पर पहुंची टीम को कॉल करने वाले व्यक्ति रंजीत पुत्र मन्नी निवासी गौतमपुरी ने बताया कि कल शाम करीब सात बजे उसकी 14 वर्षीय भतीजी लापता हो गई थी और वह इलाकें में उसकी तलाश कर रहे थे तभी दो बाइक सवारों ने रास्तें से गुजरते हुए इस मामले में अवांछित टिप्पणी कर दी, जिसको लेकर करीब रात पौने 11 बजे उनके बीच झगड़ा हो गया जो बाद में मारपीट में बदल गया।
इस मारपीट में 24 वर्षीय राहुल पुत्र दिलीप और 22 वर्षीय रितिक पुत्र दिलीप को चोटें आईं हैं। जिनका एम्स के ट्रॉमा सेंटर पर इलाज चल रहा है। लड़ाई में शिकायतकर्ता की बहन शामकली पत्नी दिलीप और एक महिला को भी चोटें आईं हैं, जिन्हें इलाज के लिए एम्स को ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गयाहै। आरोप है कि हमलावरों में डीके उर्फ दिग्गी, राजा, दीपू, हर्षू, पेप्सू, कालू और उनके साथी शामिल थे।
पुलिस ने आगे बताया कि इस मामले में कानूनी कार्रवाई की जा रही है, दंगा और मारपीट आदि का आपराधिक मामला दर्ज किया गया है।







