नई दिल्ली। दिल्ली के गुरुद्वारा श्री बंगला साहिब में प्रदर्शन को लेकर दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (DSGMC) ने आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल, AAP विधायकों और कार्यकर्ताओं समेत अन्य लोगों के खिलाफ दिल्ली पुलिस में शिकायत दर्ज की है. कमेटी ने गुरुद्वारे के परिसर में कथित तौर पर राजनीतिक प्रदर्शन करने, अव्यवस्था फैलाने और घटना के बाद भ्रामक वीडियो प्रसारित करने का आरोप लगाया है.
गुरुद्वारे के परिसर में प्रदर्शन का आरोप
DSGMC की ओर से पुलिस को दी गई शिकायत के मुताबिक, आम आदमी पार्टी से जुड़े कार्यकर्ता और समर्थक कथित तौर पर एक साथ गुरुद्वारा श्री बंगला साहिब के परिसर में दाखिल हुए. शिकायत में आरोप लगाया गया है कि वहां राजनीतिक नारेबाजी और प्रदर्शन किया गया, जिससे धार्मिक स्थल का माहौल प्रभावित हुआ.
कमेटी का कहना है कि गुरुद्वारा प्रबंधन और सेवादारों ने स्थिति को शांत रखने और परिसर की मर्यादा बनाए रखने के लिए हस्तक्षेप किया. शिकायत में इस घटना को धार्मिक स्थल की पवित्रता और मर्यादा के खिलाफ बताया गया है.
भ्रामक वीडियो फैलाने का भी आरोप
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि घटना के बाद AAP विधायकों और नेताओं ने वीडियो और सोशल मीडिया पोस्ट साझा किए, जिनमें घटनाक्रम को कथित तौर पर गलत तरीके से पेश किया गया और गुरुद्वारा प्रबंधन को जिम्मेदार ठहराया गया. कमेटी ने अरविंद केजरीवाल पर भी इस कथित प्रचार का सार्वजनिक रूप से समर्थन करने का आरोप लगाया है.
DSGMC ने पुलिस से वीडियो में दिखाई देने वाले लोगों की पहचान करने और यह पता लगाने की मांग की है कि प्रदर्शन के लिए किसने लोगों को जुटाया और निर्देश दिए.
सबूत सुरक्षित रखने और कार्रवाई की मांग
कमेटी ने शिकायत के साथ वीडियो भी सौंपने की बात कही है. उसने पुलिस से संबंधित सबूतों को सुरक्षित रखने, मामले की निष्पक्ष जांच करने और दोषी पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ कानून के मुताबिक कार्रवाई करने का अनुरोध किया है.
फिलहाल, यह कमेटी की ओर से पुलिस को दी गई शिकायत में लगाए गए आरोप हैं. मामले में दिल्ली पुलिस की कार्रवाई और आम आदमी पार्टी की प्रतिक्रिया का इंतजार है.
‘गुरुद्वारे में राजनीति बर्दाश्त नहीं’
दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (DSGMC) के अध्यक्ष हरमीत सिंह कालका ने गुरुद्वारा बंगला साहिब परिसर के पास बैनर-पोस्टर लहराकर विरोध प्रदर्शन करने पर कड़ा रोष जताया है. उन्होंने कहा कि आप नेताओं व पंजाब सीएम भगवंत मान ने पुलिस के गुरुद्वारे में घुसने की झूठी खबर फैलाकर लोगों को गुमराह किया. कालका ने स्पष्ट किया कि संगत के रूप में आने वाले किसी भी व्यक्ति पर कोई रोक नहीं है,
लेकिन गुरुद्वारे के भीतर किसी भी राजनीतिक दल—चाहे वह आप, कांग्रेस या भाजपा ही क्यों न हो—को नारेबाजी या प्रदर्शन करने की इजाजत बिल्कुल नहीं दी जाएगी; साथ ही उन्होंने मौजूदा माहौल को देखते हुए पुलिसकर्मियों को भी वर्दी में गुरु घर की ओर जाने से परहेज करने की हिदायत दी है.







