नई दिल्ली। आज के समय में फोन सिर्फ कॉल और मैसेज करने का तरीका नहीं है, बल्कि इसमें हमारी पर्सनल फोटोज से लेकर लोकेशन, कॉन्टैक्ट्स, बैंकिंग और सोशल मीडिया से जुड़ी कई जरूरी जानकारियां मौजूद रहती हैं। ऐसे में फोन की कुछ सेटिंग्स अगर बिना जरूरत ON रहती हैं तो आपकी प्राइवेसी और फोन की बैटरी दोनों प्रभावित हो सकती हैं। यही वजह है कि आपको अपने फोन में मौजूद इन सेटिंग्स को एक बार जरूर चेक करना चाहिए।
लोकेशन परमिशन चेक करना जरूरी
सबसे पहले लोकेशन परमिशन चेक करें। कई ऐप्स को लोकेशन की जरूरत सिर्फ तभी होती है जब आप उनका इस्तेमाल कर रहे हों, लेकिन कुछ ऐप्स को बैकग्राउंड में भी लोकेशन एक्सेस मिल जाता है। अगर किसी ऐप को लगातार लोकेशन की जरूरत नहीं है तो उसकी परमिशन को ‘Allow only while using the app’ पर कर सकते हैं। जिन ऐप्स को लोकेशन की जरूरत ही नहीं है, उनके लिए इसे पूरी तरह बंद करना बेहतर है।
बैकग्राउंड डेटा सेटिंग्स भी चेक करें
दूसरी सेटिंग है बैकग्राउंड ऐप रिफ्रेश या बैकग्राउंड डेटा। कई ऐप्स आपके इस्तेमाल ना करने के बावजूद बैकग्राउंड में एक्टिव रहकर डेटा सिंक करते रहते हैं। इससे मोबाइल डेटा और बैटरी की खपत बढ़ सकती है। जिन ऐप्स का आप कम इस्तेमाल करते हैं, उनके लिए बैकग्राउंड एक्टिविटी को लिमिटेड किया जा सकता है।
नोटिफिकेशंस भी कर सकते हैं डिसेबल
तीसरी सेटिंग है फालतू के नोटिफिकेशन। हर ऐप को नोटिफिकेशन भेजने की परमिशन देने से फोन लगातार अलर्ट देता रहता है और जरूरी नोटिफिकेशन भी भीड़ में छिप जाते हैं। गेमिंग, शॉपिंग और दूसरे गैर-जरूरी ऐप्स के नोटिफिकेशन को डिसेबल या लिमिटेड करना बेहतर है। इससे फोन कम परेशान करेगा और जरूरी अलर्ट पर ध्यान देना आसान होगा।
Nearby Device Scanning भी करो ऑफ
चौथी सेटिंग है Nearby Device Scanning या आसपास के डिवाइस की स्कैनिंग। कुछ एंड्रॉयड फोन में यह फीचर आसपास मौजूद Wi-Fi और Bluetooth डिवाइस को बेहतर तरीके से खोजने में मदद करता है। अगर आपको इसकी जरूरत नहीं है तो इसे बंद रखने पर विचार कर सकते हैं। हालांकि, इससे जरूरी कनेक्टिविटी फीचर्स प्रभावित हो सकते हैं, इसलिए जरूरत के हिसाब से ही इसे बंद करें।
स्पेशल परमिशन देने से पहले चेक करें
सबसे जरूरी चीज है अनजान ऐप्स को मिली स्पेशल परमिशन। फोन की Settings में जाकर Accessibility, Notification Access, Install Unknown Apps और दूसरे Special App Access सेक्शन को जरूर चेक करें। अगर किसी अनजान ऐप को ऐसी सेंसिटिव परमिशन मिली हुई है जिसकी उसे जरूरत नहीं है तो उसे तुरंत हटा दें। खासकर ऐसे ऐप्स से सावधान रहें, जिन्हें आपने किसी थर्ड-पार्टी वेबसाइट या अनजान लिंक से डाउनलोड किया हो।







