नई दिल्ली। दिल्ली स्ट्रेंथलिफ्टिंग एसोसिएशन (DSA) ने राजधानी दिल्ली का प्रतिनिधित्व करने के लिए 14 सदस्यीय दिल्ली टीम की घोषणा की है। यह टीम 36वीं राष्ट्रीय स्ट्रेंथलिफ्टिंग एवं इंक्लाइन बेंच प्रेस चैंपियनशिप 2026 में भाग लेगी, जिसका आयोजन 25 से 30 नवंबर 2026 तक श्री सुरती मोढ़ वणिक वाड़ी, लाल दरवाजा, सूरत, गुजरात में किया जाएगा।
इस राष्ट्रीय चैंपियनशिप का आयोजन गुजरात स्टेट स्ट्रेंथलिफ्टिंग एसोसिएशन (GSSLA) द्वारा इंडियन स्ट्रेंथलिफ्टिंग फेडरेशन (ISLF) के तत्वावधान में किया जा रहा है, जो वर्ल्ड स्ट्रेंथलिफ्टिंग फेडरेशन (WSLF) से संबद्ध है।
दिल्ली टीम को शुभकामनाएं देने के लिए आयोजित एक विशेष समारोह में दिल्ली स्ट्रेंथलिफ्टिंग एसोसिएशन के अध्यक्ष श्री रविंदर गुप्ता, सलाहकार श्री विजय मानव एवं महासचिव श्री लक्ष्मण सिंह भंडारी ने चयनित खिलाड़ियों का स्वागत किया तथा उन्हें प्रतियोगिता में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने और दिल्ली का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया।
दिल्ली टीम में शामिल खिलाड़ी एवं पदाधिकारी निम्नलिखित हैं: देव कश्यप, विपिन दुग्गल, वंश कुमार, सुधीर कुमार,सुमित कपूर, पुष्कर, विकास त्यागी, डिबोस सिंह, अरविंद शर्मा, श्याम सिंह, नितिन चावला, उत्तम चंद,रेणुका टीम पदाधिकारी: टीम मैनेजर: नितिन चावला, टीम कोच: श्याम सिंह, टीम प्रभारी: विकास त्यागी, टीम कप्तान: सुधीर कुमार, महासचिव: लक्ष्मण सिंह भंडारी।
इस अवसर पर दिल्ली स्ट्रेंथलिफ्टिंग एसोसिएशन के महासचिव एवं कोच श्री लक्ष्मण सिंह भंडारी ने टीम की तैयारियों पर विश्वास व्यक्त करते हुए कहा, “दिल्ली की टीम बेहद मजबूत, समर्पित और पूरी तरह तैयार है। हमारे खिलाड़ी कड़ी मेहनत कर रहे हैं और हमें पूरा विश्वास है कि वे राष्ट्रीय चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करेंगे तथा अधिक से अधिक पदक जीतकर दिल्ली का गौरव बढ़ाएंगे।”
टीम कोच श्री श्याम सिंह ने भी खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर पूरा भरोसा जताया और आशा व्यक्त की कि दिल्ली की टीम इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता से शानदार पदक तालिका के साथ वापस लौटेगी।
दिल्ली स्ट्रेंथलिफ्टिंग एसोसिएशन सभी खिलाड़ियों को हार्दिक शुभकामनाएं देती है तथा प्रतियोगिता में टीम की शानदार सफलता की कामना करती है।







