नई दिल्ली। भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में भारतीय उत्पादों के साथ देश का डिजिटल भुगतान मॉडल भी विदेशी मेहमानों के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। भारत मंडपम में लगे देशी और विदेशी मंडपों में खरीदारी के दौरान जगह-जगह लगे क्यूआर कोड भारत में बदलते कारोबारी तौर-तरीकों की झलक दिखा रहे हैं।
मेले में थाईलैंड, घाना, नेपाल, संयुक्त अरब अमीरात और अफगानिस्तान समेत कई देशों के कारोबारी व प्रतिनिधि पहुंचे हैं। वे यहां भारतीय उत्पादों की विविधता और बाजार की संभावनाओं को समझने के साथ डिजिटल भुगतान की व्यवस्था को भी करीब से देख रहे हैं। खास बात यह है कि क्यूआर कोड से भुगतान अब केवल बड़े शोरूम तक सीमित नहीं है, बल्कि छोटे दुकानदार और स्टॉल संचालक भी इसका इस्तेमाल कर रहे हैं।
मेले के हॉल ऑफ इंस्पिरेशन में नए कारोबार को सफल बनाने के व्यावहारिक पहलुओं पर चर्चा हुई। इसमें आईटीपीओ के प्रबंध निदेशक डॉ. नीरज खरवाल ने कहा कि केवल पूंजी जुटा लेना किसी स्टार्टअप की सफलता की गारंटी नहीं है। कारोबार शुरू करने से पहले बाजार की मांग, ग्राहकों की जरूरत, लागत और प्रतिस्पर्धा का विश्लेषण करना जरूरी है।
विदेशी मेहमानों की जुबानी
भारतीय उत्पादों की विविधता के साथ यहां खरीदारी की तेज प्रक्रिया भी काफी अच्छी है। ऐसी सुविधा हमारे देश में भी हो तो क्या ही कहने!- हाजी मुस्तफा, अफगानिस्तान
पड़ोसी की मदद: नेपाल और भूटान को आधुनिक टोल तकनीक देगा भारत, जरूरत क्यों, वाहन चालकों को क्या लाभ मिलेगा? भारत में छोटी दुकानों पर भी क्यूआर कोड से रकम चुकाने की सुविधा देखना मेरे लिए दिलचस्प है। – निरान चायापोर्न, थाईलैंड
भारत मंडपम में लगभग हर कोई क्यूआर कोड से खरीदारी कर रहा है। मैंने किसी दूसरे देश में ऐसा नहीं देखा, जहां छोटे दुकानदार भी इतनी तेजी से नई तकनीक अपना रहे हों।- गोकुल राना, नेपाल
मेले में कारोबार और उत्पादों के साथ भारतीय खरीदारी के नए तरीकों को समझने का अवसर मिला। इससे मैं काफी उत्साहित हूं। -क्वामे मेंसाह, घाना







