इंदिरापुरम कोतवाली क्षेत्र के ज्ञान खंड-एक के अमित शर्मा के साथ 5.10 लाख रुपये की ऑनलाइन ठगी हुई है। ठगों ने अधिक पैसे कमाने का लालच देकर वारदात को अंजाम दिया है। अमित शर्मा के अनुसार, आठ फरवरी की सुबह दिव्या नाम से उन्हें वॉट्सएप पर संदेश आया। पूछने पर उसने बताया कि पार्ट टाइम काम करके अधिक पैसे कमा सकते हैं। उसके बाद उन्हें यूट्यूब का एक लिंक भेजा। उस पर क्लिक करने पर पेटीएम पर 150 व 140 रुपये भेजे। फिर टेलीग्राम पर लिंक भेजने शुरू किए। उस पर क्लिक करने पर 220 व 560 रुपये भेजे।
क्रिप्टो करेंसी में पैसे लगाने का भी दिया झांसा
अधिक पैसे कमाने का झांसा देकर उनसे एक हजार रुपये ऑनलाइन लिए। उसके बदले उन्हें 1300 रुपये दिए। उसके बाद 5.10 लाख रुपये लिए। आरोपियों ने पैसे वापस नहीं किए। पैसे मांगने पर क्रिप्टो करेंसी में लगाने का झांसा दिया और सारे पैसे डकार गए। पीड़ित ने मामले की पुलिस में शिकायत की। मंगलवार को इंदिरापुरम कोतवाली में मोबाइल नंबरों के आधार पर रिपोर्ट दर्ज हुई।







